खनन-माफिया के विरुद्ध वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, वन संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर लगाया जुर्माना

कछौना (हरदोई)। कोतवाली क्षेत्र कछौना में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार एक कुटीर उद्योग के रूप में पनप चुका है।क्षेत्र के रैंसो, कामीपुर, लोन्हारा, बघुआमऊ, हरदासपुर, हथौड़ा, कटियामऊ, समोधा, आरखतलिया, बेरूआ, हिंदूखेड़ा आदि दर्जनों गांवों सहित औद्योगिक क्षेत्र संडीला के आसपास मानकों को ताक पर रखकर अवैध मिट्टी खनन का काम पिछले कई वर्षों से सुचारू रूप से जारी है। खनन व राजस्व विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत के चलते खननमाफिया सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचा रहे हैं।

खननमाफिया की मनमानी के चलते ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉलियों व डम्परों से जहाँ एक ओर क्षेत्र की सड़कों की दुर्दशा हो रही है वहीं दूसरी ओर सड़क दुर्घटनाओं में भी बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है। क्षेत्र के कुछ गाँँवों के आसपास स्थित वन संपदा को भी खननमाफियाओं ने भारी नुकसान पहुंचाया है। वन संपदा को नुकसान पहुंचाने पर खननमाफियाओं के विरुद्ध अब वन विभाग ने अभियान चलाते हुए कार्यवाई की शुरुआत कर दी है।

बताते चलें कि कछौना क्षेत्र में बदस्तूर जारी अवैध मिट्टी खनन में संलिप्त खननमाफिया बीते कई दिनों से जेसीबी व ओवरलोड डम्फरों से परिवहन करते हुए वन रेंज कछौना के अंतर्गत कामीपुर वन ब्लॉक में वृक्षारोपण को नुकसान पहुंचा रहे थे, जिस पर सोमवार को स्थानीय वन दरोगा सुशील कुमार के नेतृत्व में पहुंची विभागीय टीम ने घेराबंदी करते हुए एक बड़ी जेसीबी मशीन जब्त कर ली। तहकीकात करने पर पता चला कि उक्त जेसीबी मशीन थाना कछौना के हरदासपुर(समोधा) निवासी शरीफ पुत्र सुबेदार के नाम पंजीकृत है। जेसीबी मशीन जब्त करने के बाद वन विभाग विभागीय उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजकर कार्यवाई करने की तैयारी कर रहा है।वन विभाग की इस कार्यवाई से क्षेत्र के खननमाफियाओं में हड़कंप मच गया है।

वन संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के उक्त प्रकरण के संबंध में खननमाफियाओं के विरुद्ध कार्यवाई करने वाली टीम का नेतृत्व करने वाले वन दरोगा सुशील कुमार ने बताया कि क्षेत्र में मिट्टी खनन कर रहे खननमाफियाओं ने वन संपत्ति को नुकसान पहुंचाया है। नष्ट हुई वन संपत्ति का वित्तीय मूल्यांकन करने के बाद जिला वन अधिकारी(डीएफओ) के निर्देश पर अभियुक्त (खननमाफिया) पर 1,30,000(एक लाख तीस हजार) रुपए के जुर्माने की कार्यवाई की गई है। कछौना वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी रामचंद्र ने बताया कि वन संपत्ति को नुकसान पहुंचाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाई की जाएगी। खननमाफियाओं के विरुद्ध कार्यवाई करने वाली टीम में वनरक्षक सुरेंद्र त्रिपाठी, रोहित व बीट प्रभारी राजेंद्र प्रताप सिंह, अशोक आदि मौजूद रहे।

रिपोर्ट ➖ एस.बी.सिंह सेंगऱ