कछौना (हरदोई) : अमृत महोत्सव के अंतर्गत ब्लॉक स्वास्थ्य मेला का आयोजन शनिवार को जूनियर हाईस्कूल प्रांगण में किया गया। जिसमें लोगों को स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। इस मेले का उदघाटन मुख्य अतिथि एमएलसी अशोक अग्रवाल ने फीता काटकर किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य यह है कि एक छत के नीचे आमजनमानस को जानकारी व स्वास्थ्य लाभ मिल सके। बेहतर जानकारी के साथ-साथ इस मेले का लाभ उठाएं। सरकार की मंशा है कि वर्ष 2025 तक देश को टीबी मुक्त करना है।
पंचायत राज विकास द्वारा सामुदायिक शौचालयों का प्रयोग, रखरखाव व खुले में शौच मुक्त अभियान की जागरूकता हेतु स्टॉल लगाया गया था। गांव में कोई व्यक्ति खुले में शौच न जाये। बाल विकास परियोजना विभाग द्वारा स्टॉल लगाया गया था जिसमें पोषण पखवारा के तहत कुपोषण को समाप्त करने के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। मेले में अन्नप्राशन व गोद भराई कार्यक्रम भी किया गया। नेहरू युवा कल्याण विभाग द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं के अंदर छिपी खेलकूद प्रतिभाओं को विकसित करने के लिए क्षेत्र के संचालित युवक/महिला युवक मंगल दलों को खेलकूद किट वितरित की गईं। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने व जागरूकता के लिए स्टॉल लगाया गया था। किसी भी खाद्य पदार्थ में मिलावट की शिकायत के लिए 1800112100 पर शिकायत कर सकते हैं।
स्वयं सहायता समूह की तरफ से लोनहारा ग्रामसभा का स्वयं सहायता समूह द्वारा स्टॉल लगाया गया था। महिला समूह आत्मनिर्भर होकर क्षेत्र की महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई के माध्यम से रोजगार से जोड़ रही हैं। कृषि विभाग द्वारा स्टॉल लगाया गया था जिसमें विभागीय अधिकारियों ने गौसगंज मार्ग पर स्थित कृषि बीज भंडार की जर्जर हालत की दयनीय व्यवस्था को उजागर किया। यह भवन कभी भी गिर सकता है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के लाभार्थी ज्यादा से ज्यादा अपनी केवाईसी करा लें। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से आयुष्मान कार्ड, टीकाकरण, कुष्ठ रोग, नेत्र शिविर, परिवार नियोजन, आयुर्वेद, होम्योपैथ, संचारी रोग नियंत्रण, टीबी विभाग आदि के स्टाल लगाकर स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
एचसीएल फाउंडेशन की तरफ से मेले में पहुंचे रोगियों को डॉक्टरों द्वारा लिखी दवाएं उपलब्ध कराई गई। शिक्षा विभाग द्वारा दिव्यांग बच्चों को मुख्यधारा में जोड़ने के लिए जागरूकता शिविर लगाया गया था। योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को किट, संसाधन मुख्य अतिथि द्वारा वितरित किए गए।
इस मेले में प्रभारी अधीक्षक डॉ. किसलय बाजपेई, बाल विकास परियोजना अधिकारी विजय कुमार तिवारी, सुपरवाइजर शारदा वर्मा, डॉक्टर व स्वास्थ्य कर्मी कृषि विभाग से शेर सिंह, पंचायत विभाग से एडीओ पंचायत संतोष कुमार व ग्राम सचिव, भाजपा पदाधिकारी जिला मंत्री अजय गुप्ता, प्रधानाचार्य राम शंकर शुक्ला, महामंत्री शिवम मिश्रा, नगर प्रमुख प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा उर्फ गोल्डी, सभासद धर्मेंद्र सिंह, दुर्गेश सिंह, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अमरनाथ वर्मा उर्फ गुड्डू, पूर्व प्रधान गौतम कनौजिया, पूर्व प्रधान कृष्णकांत सिंह उर्फ गुड्डू, ग्राम प्रधान ओमप्रकाश, बबलू सिंह कटका, संयुक्त कर्मचारी संघ के पूर्व अध्यक्ष डॉ एस पी सिंह, पूर्व प्रधान देवी शंकर शुक्ल, पूर्व प्रधान अवधेश गुप्ता, अमित सिंह, सौरभ सिंह, विजय सिंह, नगर पंचायत लिपिक जय बहादुर सिंह, रवीश कुमार सिंह उर्फ टिंकू आदि गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। दूरदराज से आए हुए लोगों ने पहुंचकर स्वास्थ्य मेले का लाभ उठाया।
रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता