बदायूँ: जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त ने कैम्प कार्यालय पर मुख्य विकास अधिकारी निशा अनंत, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नरेन्द्र बहादुर सिंह, उप कृषि निदेशक रामवीर कटारा तथा जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार के साथ आयोजित कर निर्देेश दिए कि किसानों को अवगत करा दें कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत ऐसे कृषक जिनके खाते में प्रधानमंत्री सम्मान निधि की किस्त इस कारण नहीं आई कि बैंक खाते का नम्बर अथवा आईएफएस कोड गलत है । ऐसे कृषक अपनी बैंक शाखा में जाकर अपने खाते को आधार से लिंक कराकर बैंक की केवाईसी समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर लें। उनके खाते में धनराशि आना आरम्भ हो जायेगी।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजनान्तर्गत जिन कृषक के आधार नम्बर गलत फीड हो गये हैं वह आधार एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति सम्बन्धित विकास खण्ड के राजकीय कृषि बीज भण्डार पर जाकर ठीक करा लें। जिनका आधार नम्बर सही है किन्तु नाम गलत है (मिसमैच) उनका आधार कार्ड में उल्लेखित नाम के अनुसार पोर्टल पर नाम शुद्ध करा लें। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन कृषकों ने जनसेवा केन्द्रों से पीएम सम्मान निधि के लिए अपना पंजीकरण कराया है, उन सभी कृषकों का डाटा सत्यापन उपरान्त उपलब्ध कराया जाए।