शर्ताें के साथ पटरी पर लौटी है जिंदगी : डीएम


बदायूँ: लाॅकडाउन 4.0 अन्तर्गत समस्त प्रकार की दुकानों को शर्ताें के साथ खुलने की अनुमति दी गई है। डीएम, एसएसपी ने लाॅकडाउन का निरीक्षण करते हुए अपील की है कि जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए दुकानों को खोला गया है। लेकिन ग्राहक और दुकानदार यह भी ध्यान रखें कि कोरोना का संक्रमण सारी दुनिया में तेजी से फैल रहा है। देश में अब तक एक लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हो चुके हैं और तीन हजार से ज्यादा लोग कोरोना वायरस से अपनी जान दे चुके हैं। देश के नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वह कोरोना से बचाव के लिए बताए गए नियमों का पालन करें, स्वंय भी जागरुक हों और दूसरों को भी जागरूक करें।

मंगलवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने लाॅकडाउन का नगर बदायूँ एवं उझानी में निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कोरोना वैश्विक महामारी से बचाव के लिए घरों में अधिक समय बिताएं। खरीदारी करके सीधे अपने घर जाएं। बेवजह भीड़ न इकट्ठी होने पाए। लाॅकडाडन का उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। फिजीकल डिस्टेंसिंग का पालन करें। कोरोना का खतरा बढ़ता ही जा रहा है, इसलिए इसे कतई हल्के में न लें। जरा सी लापरवाही जीवन के लिए घातक बन सकती है। अपना और अपने परिवार के लिए बताए गए इन नियमों का पूर्णतया पालन करें। फिजीकल डिस्टेंस का पालन खुद भी करें और दूसरों को भी कराएं, तभी इस महामारी से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए लाॅकडाउन और फिजीकल डिस्टेंसिंग बहुत ही प्रभावी उपाय है। खांसते, छींकते समय मुंह को रूमाल व टिश्यू से ढकें। हाथों को समय-समय पर साबुन से धोते रहे या सेनीटाइजर से साफ करें। मुंह ढकने के लिए मास्क, गमछा, तौलिया, दुपट्टा या बडे़ रूमाल का प्रयोग करें, बुर्जुगों एवं बच्चों का विशेष ध्यान रखे। सभी लोग घर में रहें, सुरक्षित रहें, स्वस्थ्य रहें।