हरदोई– किराये के भवनों में चल रहे जिले के 15 होम्योपैथिक अस्पतालों में से छः को जल्द ही भवन मिल जाएगा। अस्पताल के निर्माण के लिए डीएम ने भूमि उपलब्ध करा दी है। भूमि उपलब्ध होने के बाद अब होम्योपैथिक चिकित्सा विभाग ने निर्माण कराने की तैयारी शुरू कर ली है।
जनपद में होम्योपैथिक के 36 अस्पताल संचालित हैं। इनमें से 15 अस्पतालों का संचालन किराये के भवनों में हो रहा है, जबकि 21 अस्पताल स्वास्थ्य महकमे के भवनों में ही संचालित हैं। 15 अस्पताल अस्तित्व में आने के बाद से ही किराये के भवन में संचालित हैं। इन अस्पतालों के सरकारी भवन बनाने की कवायद कई बार हुई, लेकिन भूमि आवंटन में हीलाहवाली के कारण निर्माण नहीं हो पाया।
अब राहत भरी खबर यह है कि डीएम मंगला प्रसाद सिंह ने 15 में से छः अस्पतालों के लिए भूमि आवंटित कर दी है। प्रत्येक अस्पताल के लिए 1400 स्क्वायर फिट भूमि संबंधित गांव में ही आवंटित की गई है। राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय मझिला, शहाबुद्दीन, उमरौली, खसौरा, श्रीमऊ और भरखनी के लिए जमीन आवंटित की गई है। मालूम हो कि यहां मझिला, अटिया मझिगवां, टंडौर खेड़ा, इछनापुर, भटपुर, शाहाबाद, शहाबुद्दीनपुर, उमरौली, असही आजमपुर, खसौरा, हरपालपुर, श्रीमऊ, भरखनी, करावां होम्योपैथिक चिकित्सालय किराये पर चल रहे हैं।
राजकीय होम्योपैथिक जिला चिकित्सालय के अधीक्षक डॉ० प्रदीप द्विवेदी ने बताया कि डीएम के प्रयासों से छः अस्पतालों के निजी भवन बनाने के लिए जमीन उपलब्ध हुई है। राजस्व अभिलेखों में अस्पताल के नाम जमीन दर्ज हो गई है।