पीएम किसान सम्मान निधि के पात्र किसानों को लाभ दिलाने हेतु शिविर का आयोजन

कछौना, हरदोई। विकास खण्ड कछौना के अंतर्गत ग्राम सभा त्यौरी मतुआ के पंचायत भवन में किसान सम्मान निधि के लिए सोमवार को कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न प्रकार की समस्याओं का निराकरण करके पात्र किसानों का चयन किया गया।

इस शिविर में किसानों ने केवाईसी करायी, साथ ही कृषि विभाग की ओर से आए रोहित सिंह एटीएम ने किसानों के बैंक अकाउंट, आधार कार्ड, खतौनी, मोबाइल नंबर आदि अभिलेखों की जांच की। इस दौरान उन्होंने बताया कि यह लाभ केवल किसानो के हित के लिए है। यदि कोई बिना खेत का किसान इस योजना का लाभ उठा रहा है, तो उसका फार्म निरस्त किया जाएगा। साथ ही जिन पात्र किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ अभी तक नहीं मिल रहा है, उनको इस योजना में शामिल किया जा रहा है। किसान सम्मान निधि योजना को लेकर किसी भी तरह का सवाल या समस्या है तो उनका निस्तारण किया जा रहा है इस कैम्प में कुल 98 किसानों की समस्याओं का समाधान किया गया जिसमें से अधिकतर आधार सीडिंग की समस्या थी जिनका मौके पर ही इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक की तरफ से खाता खोल दिया गया।

इस अवसर पर कृषि विभाग से रोहित सिंह एटीएम, राजस्व विभाग से अनिल कुमार शुक्ला व इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से राम बंसल व ग्राम सचिव संतोष कुमार, त्यौरी मतुआ के ग्राम प्रधान असद शाहिद व ग्राम पंचायत के पंचायत सहायक योगेंद्र कुमार सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे।

रिपोर्ट – पी०डी० गुप्ता