हरदोई- निकाय चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही संभावित प्रत्याशियों ने नामांकन की तैयारी शुरू कर दी है। इन्होंने चुनाव के लिए कागजात अपडेट करने का काम शुरू कर दिया है। चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही शुक्रवार शाम से जनसंपर्क अभियान में भी अचानक तेजी आ गई है लेकिन पार्टीयों की तरफ से अभी तक प्रत्याशियों की घोषणा भी नही हुई जिसको लेकर असमंजस की स्थिति जरूर बनी हुई है।
हालांकि चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही वार्डो में बैठकों का दौर शुरू हो गया है। संभावित प्रत्याशियों ने अपने समर्थकों के साथ बैठक कर रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। उम्मीदवारों ने अपने समर्थकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपना अधिक से अधिक समय वार्ड के लोगों के बीच बिताएं, जिससे उनका समर्थन मिल सके।कई संभावित प्रत्याशियों ने तो फोन करके अपने समर्थकों को चुनाव की तारीखों के बारे में बताया। इसके साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किस तरह से अब जनता का ध्यान केंद्रित करना है। यह भी जानकारी सामने आई है कि कई संभावित प्रत्याशियों ने घर- घर जाकर चुनाव की तारीखों की जानकारी दी और जनता से उनके पक्ष में वोटिंग करने संबंधी अपील की।