सीएचसी परिसर बना तालाब, मरीजों पर संक्रमण का खतरा बरकरार

दीपक कुमार श्रीवास्तव –

कछौना (हरदोई) – जनपद हरदोई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पर पानी निकासी के समुचित बंदोबस्त नहीं होने से यहां पर व्याप्त जलभराव की स्थिति के कारण इलाज के लिए आने वाले मरीजों व भर्ती तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण मरीजों पर विभिन्न प्रकार की बीमारियों के संक्रमण का खतरा बना हुआ है। बरसात का सुहाना मौसम कई बार तकलीफ की वजह बन जाता है। ऐसा ही नजारा शुक्रवार को रहा जब जनपद हरदोई सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में भारी बारिश के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। शुक्रवार को पूरे दिन हुई भारी बारिश है किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया।

कस्बे की गलियों में जलभराव की स्थिति

जनपद हरदोई के कस्बा कछौना में भारी बारिश के कारण कस्बा कछौना की नालियों का गंदा गली मोहल्लों की सड़कों पर बहने लगा, जिससे लोगों को आवागमन और अन्य काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण इलाके के कई सरकारी दफ्तरों, स्कूलों में जलभराव हो गया जो बारिश बंद होने के बाद धीरे-धीरे सामान्य स्थिति में आने लगा। लेकिन कस्बा स्थित सीएचसी कछौना परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण शनिवार को सीएचसी परिसर में तालाब जैसा नजारा देखने को मिला। जल निकासी की चरमराई व्यवस्था के कारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में बारिश का पानी परिसर में स्थित स्टाफ के क्वार्टरों के बाहर तक भरा देखा गया, जिसके कारण अस्पताल स्टाफ को भी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। वहीं क्षेत्र में वायरल बुखार पूरी तरह से पैर पसार चुका है। वायरल बुखार के कहर के कारण क्षेत्र में अधिकांश लोग इसकी चपेट में है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना के अधीक्षक व चिकित्सकों द्वारा लोगों को वायरल से बचाव के लिए एहतियात बरतने के साथ-साथ पानी के जलभराव की स्थिति न रखने की विशेष तौर पर सलाह दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना में बारिश के गंदे पानी का जलभराव ही यहां चिकित्सा व परामर्श के लिए आने वाले एवं भर्ती मरीजों पर संक्रमण का खतरा बनाए हुए है। बारिश में जगह-जगह पानी इकट्ठा हो जाने से मलेरिया की संभावना काफी प्रबल रहती है। मादा एनिफिलीज मच्छर के काटने से होने वाला यह रोग एक संक्रामक रोग है और दुनिया के सबसे जानलेवा बीमारियों में से एक है। इसलिए इसे हल्के में लेना भारी पड़ सकता है।

अधीक्षक बोले विवादित है भूमि, न्यायालय में लंबित है मामला

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना परिसर में व्याप्त जलभराव के संबंध में जब सीएचसी अधीक्षक किसलय बाजपेई से बात की गई तो उन्होंने कहा कि बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन गई है, साथ ही यह भी बताया कि सीएचसी परिसर मे जहाँ जलभराव है वह भूमि विवादित है। जिसका मामला माननीय न्यायालय के समक्ष लंबित है, इसलिए उक्त भूमि पर न्यायालय की अनुमति के बिना कोई भी निर्माण कार्य नहीं किया जा सकता है।