कछौना (हरदोई): रेलवे स्टेशन बालामऊ जं० पर फैली अव्यवस्थाओं व जल प्याऊ स्थलों पर जमी गंदगी आदि को लेकर डीआरएम से शिकायत की गई है। जिस पर डीआरएम से मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्यवाही करने को कहा है।
बताते चलें कि बालामऊ जं० रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर स्थित जल प्याऊ स्थलों पर जमीं गंदगी व काई से आये दिन यात्री चुटहिल होते रहते हैं, प्लेटफार्म पर लगी टोटियों के आसपास इतनी गंदगी फैली है कि पानी बहकर प्लेटफार्म के किनारे तक आकर रुकता है और इस कारण काई प्लेटफॉर्म के किनारे तक जम गई है जिससे ट्रेन से उतरते समय अक्सर यात्री फिसलकर गिर जाते हैं और चुटहिल हो जाते हैं। साथ ही प्लेटफार्म पर बने शौचालयों में भी गंदगी जमकर फैली है और तो और यात्रियों के प्रयोग में आने वाले शौचालयों में हमेशा ताले लटके रहते हैं जिससे आम यात्री कभी शौचालय प्रयोग भी नही कर पाता है।
इसके साथ ही वेंडरों की शिकायत की गई जिसमें कहा गया कि वेंडर प्लेटफार्म पर गुणवत्ताविहीन सामग्री का विक्रय करते हैं। ट्रेनों में लगे लगेज कोच के खुले रहने की भी शिकायत डीआरएम से हुई कि इन्हें बन्द रखना चाहिए जिससे अनजाने में अशिक्षित या ग्रामीण महिलाएं या पुरुष इन लगेज कोच के खुले होने पर इनमें सवार हो जाते हैं और फिर रेलवे सुरक्षा बल के जवानों का शिकार होते हैं और खामियाजे के रूप में उनको मोटी रकम की अदायगी करनी पड़ती है। डीआरएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इस सम्बन्ध में तुरन्त कार्यवाही करने को कहा है।
रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता