पिहानी के लेहना में शव दफनाने पर विवाद

            पिहानी– कोतवाली क्षेत्र के ग्राम लेहना में गुरुवार को एक विवादित जमीन पर शव दफनाने पर विवाद हो गया। बुधवार को ग्राम लेहना निवासी मेड़ई कि मृत्यु हो गयी थी। गुरुवार को मृतक के शव को दफनाने के लिए उसके दो पुत्रों राकेश, दिनेश व प्रधान पक्ष के लोगों ने उस जमीन पर बने मकान के अंदर कब्र खोदी, जो विवादित है।
               मृतक मेड़ई के भाई का कहना है कि मृतक ने मरने से पूर्व यह मकान अपने छोटे भाई के लड़के सुरेश के नाम कर दिया था। यह बात मेड़ई के पुत्रों राकेश व दिनेश को गवारा नहीं आयी, उन्होंने प्रधानपति व कुछ अन्य लोगों के साथ मिलकर विवादित जगह पर बने मकान में कब्र खोदकर शव को दफनाने की तैयारी की। गुरुवार को उसी विवादित मकान के अंदर कब्र की खुदाई सुबह से चल रही थी। मृतक के भाई का कहना है कि वर्तमान में विवादित जगह का बैनामा पहले ही मरने से पूर्व मेड़ई के द्वारा अपने भतीजे सुरेश को कर दिया गया था। जबकि उसके बाद भी प्रधानपति ने गांव के ही हरिश्चंद्र की पत्नी पूनम व जगपाल के नाम उसी जमीन का बैनामा दोबारा करवा लिया।विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से जानकारी ली। इस बीच राकेश व दिनेश पक्ष के लोग भाग निकले।