वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि क्वाड और हिंद प्रशांत आर्थिक तंत्र से भारत और अमरीका के बीच सहयोग बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में अमेरिका के साथ संबंधों को बहुत महत्व देता है।
आज नई दिल्ली में भारत-अमरीका आर्थिक वित्तीय साझेदारी की नौवीं बैठक में वित्तमंत्री ने वैश्विक आर्थिक चुनौतियों का अधिक समन्वित तरीके से समाधान करने की आवश्यकता पर बल दिया।
अमरीका की वित्त मंत्री डॉ. जेनेट येलेन ने कहा कि मजबूत व्यापार, निवेश और लोगों के बीच सम्पर्क, द्विपक्षीय आर्थिक और वित्तीय संबंधों के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि भारत जी-20 की अध्यक्षता करने जा रहा है और अमरीका अपनी साझा प्राथमिकताओं पर चर्चा के लिए उत्सुक है।
हिंद प्रशांत आर्थिक तंत्र बैठक के दौरान, दोनों पक्ष जलवायु, वित्त, बहुपक्षीय मुद्दों, जी-20 में भारत-अमरीका सहयोग, कराधान, आपूर्ति श्रृंखला में लचीलापन, वैश्विक अर्थव्यवस्था और व्यापक आर्थिक दृष्टिकोण सहित पारस्परिक हित के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
9वीं भारत-अमरीका बैठक से अलग दोनों नेता शीर्ष उद्योगपतियों और प्रख्यात अर्थशास्त्रियों के साथ भारत-अमरीका व्यापार और आर्थिक अवसरों पर एक गोलमेज वार्ता में भी भाग लेंगे।