देश ने सौ करोड़ कोविड टीके लगाकर इतिहास रचा है

भारत ने राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत सौ करोड टीके लगाने के लक्ष्‍य को प्राप्‍त कर इतिहास रच दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि कल 48 लाख से अधिक कोविड टीके लगाए गए। इसी दौरान 18 हजार 454 नये मामलों की पुष्टि हुई। वर्तमान में एक लाख 78 हजार 831 रोगियों का इलाज चल रहा है। सक्रिय मामलों की दर शून्य दशमलव पांच-दो प्रतिशत रह गई है।  स्‍वस्थ होने की दर 98 दशमलव एक-पांच प्रतिशत हो गई है।

राष्‍ट्रपति, उपराष्‍ट्रपति, गृह, रक्षा सहित कई मंत्रियों ने इस एतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने में डॉक्‍टरों, स्‍वास्‍थ्‍यकर्मियों और अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्त्ताओं के बहुमूल्‍य योगदान की सराहना की है। इस अवसर पर राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि देश ने आज एक सौ करोड टीके लगाकर इतिहास रचा है। मैं सभी स्वास्थ्यकर्मियों, टीकाकरण से प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से जुड़े लोग और विज्ञानी-चिकित्सक बन्धुओं को बधाई देता हूँ।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सौ करोड़ टीके का लक्ष्य पार करने पर देशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए अभियान से जुडे सभी लोगों का आभार व्यक्त किया। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि देश ने इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि देश 130 करोड़ भारतीयों के विज्ञान, उद्यम और सामूहिक भावना की जीत का गवाह बना है।