दो माह पूर्व उपकेंद्र से फीडर चालू करने पर हाईटेंशन लाइन पर कार्य कर रहा संविदाकर्मी हुआ था गंभीर रूप से घायल
कछौना (हरदोई): उच्चाधिकारियों के आदेश पर कोतवाली कछौना में विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता, ठेकेदार नीरज गुप्ता व संविदाकर्मी ईश्वरदीन के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ।
बताते चलें कि दो माह पूर्व कछौना विद्युत उपकेंद्र में कार्यरत संविदाकर्मी देशराज रानी बाग के पास हाईटेंशन विद्युत लाइन पर कार्य कर रहा था, इसी दौरान उपकेंद्र कछौना से लापरवाही पूर्वक विद्युत आपूर्ति चालू कर दी गई जिसकी चपेट में आने से संविदाकर्मी देशराज बुरी तरीके से घायल हो गया, जिसमें इलाज के दौरान विभागीय अधिकारियों व ठेकेदार द्वारा उसका कोई सहयोग नहीं किया। आर्थिक स्थिति खराब होने के कारण वह अपना सही ढंग से इलाज नहीं करा सका, इलाज के दौरान उसके पैर में इन्फेक्शन बढ़ने की वजह से उसका पैर जांघ पर से काट दिया गया। परिजनों ने पूरे प्रकरण की शिकायत विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों व क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा को अवगत कराई जिस पर प्रशासन हरकत में आया और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली कछौना में अधिशासी अभियंता, ठेकेदार नीरज गुप्ता व संविदाकर्मी ईश्वरदीन के खिलाफ धारा 287, 337 व 338 के तहत मामला दर्ज किया गया।