गोंडा डीएम जेबी सिंह ने शनिवार को तहसील करनैलगंज अन्तर्गत एल्गिन-चरसड़ी बंधे का औचक निरीक्षण किया तथा युद्धस्तर पर कार्य कराने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रशासनिक अमले के साथ बाढ़ प्रभावित नकहरा गांव पहुंचकर निर्माणाधीन रिंग बांध के सम्बन्ध में ग्रामीणों से वार्ता की और उनकी समस्याओं को सुना। डीएम ने अधिशासी अभियन्ता बाढ खण्ड को निर्देश दिए कि रिंग बांध का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराएं तथा बरसात शुरू होने के पूर्व रिंग बांध का निर्माण कार्य पूरा करा दें जिससे बाढ़ के दौरान ज्यादा नुकसान न हो।
एक्सईएन बाढ़ खण्ड द्वारा बताया गया कि एल्गिन -चरसड़ी बांध जहां पर कटान हुई है 98 करोड़ रूपए की लागत से लगभग 4.75km रिंग बांध तथा 7 स्पर व 2 कट एन्ड बनाए जाएगें जिससे नदी की धारा नवनिर्मित रिंग बांध को न काट सके। बताया गया कि रिंग बांध क निर्माण का लगभग सत्तर प्रतिशत पूर्ण हो चुका है तथा जून अन्त तक रिंग बांध, स्पर व कट एन्ड का निर्माण कार्य पूरा करा लिया जाएगा। डीएम ने ग्रामीणों से वार्ता कर बाढ़ प्रभावित होने वाले ऐसे सभी ग्रामीण जिनके आवास कच्चे हैं सभी को पक्के आवास दिलाये जाने हेतु सूची तैयार करने के निर्देश एसडीएम करनैलगंज को दिए हैं। डीएम ने रिंग बांध के अन्दर आने वाले सभी ग्रामीणो को आश्वस्त किया कि ऐसे सभी प्रभावित लोग जिनके मकान कच्चे अथवा फूस के हैं उन सभी को पक्के मकान दिए जाएगें।
इसके अलावा डीएम ने बाढ़ के पूर्व सभी आकस्मिक सुविधाएं, राहत चैकियों को समय से सक्रिय करने, दवाओं की उपलब्धता, मिट्टी का तेल, जानवरों के चारे-भूसे की व्यवस्था सहित अन्य सभी आवश्यक तैयारियां अभी से कर लेने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं। इसके अतिरिक्त बाढ़ क्षेत्र में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए भी एसडीएम को निर्देश दिए। एक्सईएन बाढ़ द्वारा बताया गया कि वर्तमान में नदी की धारा पुरानी धारा से करीब 03km दूर बह रही है ऐसे में कम नुकसान की सम्भावना है। निरीक्षण के दौरान एसडीएम करनैलगंज माया शंकर यादव, सीओ करनैलगंज जटाशंकर राव, तहसीलदार करनैलगंज राम नरायन वर्मा, एक्सईएन बाढ़, नायब तहसीलदार करनैलगंज, ग्राम प्रधान तथा ग्रामीण मौजूद रहे।