जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने चल रही शीत-लहर के कारण भीषण ठंड में सड़क किनारे एवं अन्य स्थानों पर खुले में पड़े गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोग की परेशानी का संज्ञान लिया है । ज़रूरतमंदों को राहत पहुंचाने के लिए विगत 17 दिसम्बर 2020 की सायं समस्त उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिये कि ऐसे लोगों को ठंड से बचाने के लिए रैन बसेरों की व्यवस्थायें देखें । साथ खुले में पड़े लोग को रैन बसेरा तक पहुंचाने की व्यवस्था भी करायें । बसस्टाप एवं भीड़-भाड़ वाले चौराहों पर अलाव जलवाने के साथ रात में कम्बल वितरण करें।
देर सायं प्राप्त जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी शाहाबाद अतुल प्रकाश श्रीवास्तव, बिलग्राम कपिल देव यादव, सवायजपुर दीपक कुमार वर्मा तथा सण्डीला में तहसीलदार सण्डीला ने 17 दिसम्बर की रात्रि ही अपने-अपने क्षेत्रों को भ्रमण किया तथा रैन बसेरों की व्यवस्थायें देखने के साथ बस स्टाप, रेलवे स्टेशन एवं मुख्य-मुख्य चौराहों आदि स्थानों पर अलाव जलवाये और कम्बल वितरण किया। इसी क्रम में उप जिलाधिकारी सदर लक्ष्मी एन ने भी रोडवेज बस स्टाप, रेलवे स्टेशन के अलावा नगर के विभिन्न चौराहों का भ्रमण कर गरीब, असहाय लोगों को कम्बल वितरण किया तथा ठंड से कांप रहे एक वृद्व को अपने हाथों से कम्बल ओढ़ाया और रैन बसेरा तक पहुंचाने की व्यवस्था की।