विद्यार्थियों को उपहार वितरित कर दी गयी भावभीनी विदाई

कछौना (हरदोई) : विकास खण्ड के प्राथमिक विद्यालय घनश्यामनगर में कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं को शुभकामना सहित भावभीनी विदाई दी गयी। बच्चों का माल्यार्पण कर उन्हें उपहार वितरण किया गया। कुछ छात्रों ने विदाई समारोह पर विद्यालय के लिए विदाईपत्र लिखकर संदेश भी दिया।

इस अवसर पर कक्षा 5 के छात्र कुलदीप कहना था कि “विद्यालय उनका अब तक का जीवन साथी रहा है और उन्होंने विद्यालय के कारण ही अंताक्षरी प्रतियोगिता में अपना नाम मंडल स्तर तक रोशन किया है।”

विद्यालय की शिक्षिका अंजू सिंह विद्यालय को प्रेरक बनाने के लिए हमेशा तत्पर रहतीं हैं, इन्हीं के सतत प्रयास से विद्यालय की बदरंग तस्वीर को नया रूप मिला है।

इस अवसर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष सर्वेश कुमार, सदस्य मोहित शुक्ला और प्रधान प्रतिनिधि दीपू सिंह उपस्थित रहे। सभी को मिष्ठान वितरण करते हुए इस विदाई समारोह का समापन किया गया।

वहीं प्राथमिक विद्यालय सुठेना में भी सत्र के अंतिम दिन विद्यार्थियों के विदाई समारोह के दौरान मिष्ठान एवं उपहार वितरित कर उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।

इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक सत्येंद्र सिंह, सहायक अध्यापक कमलेश कुमार, संदीप श्रीवास्तव, अरुण सक्सेना, एलबी सिंह, भारती, कुसुमा समेत अन्य स्टॉफ मौजूद रहा।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता