जम्मू-कश्मीर मे हमारे पाँच सैनिकों की हत्या!..?

● आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय

आतंकियों ने आज (२० अप्रैल) अपराह्ण ३ बजे के लगभग जम्मू-कश्मीर के पूँछ जिले से ९० किलोमीटर की दूरी पर स्थित ‘भट्टा डूरियन’ जंगल मे हमारे पाँच सैनिकों की नृशंस हत्या कर दी है। मारे गये जवान ‘राष्ट्रीय रायफ़ल युनिट’ के थे; एक अन्य सैनिक गम्भीर रूप मे घायल है।

‘नॉरदर्न कमॉण्ड हेडक्वार्टर’ की ओर से प्रसारित विज्ञप्ति मे बताया गया है कि एक सैन्य-ट्रक जवानो को लेकर भिम्बर गली से पूँछ की ओर जा रही थी; मूसलाधार वर्षा हो रही थी; साफ़-साफ़ दिखायी नहीं पड़ रहा था। इसका लाभ लेते हुए, आतंकियों ने विस्फोटक हथियारों से इतना ज़बरदस्त हमला कर दिया था कि सैन्य-वाहन बुरी तरह से आग की चपेट मे आ चुका था, जिसके कारण कई सैनिक पूरी तरह से झुलस चुके थे। पाँच सैनिकों का प्राणान्त हो चुका है, जबकि गम्भीर रूप से घायल एक अन्य सैनिक का उपचार राजौरी के सैनिक चिकित्सालय मे किया जा रहा है।

यह भी बताया जा रहा है कि सेना के शीर्षस्थ अधिकारी ने उपर्युक्त शोकपूर्ण सूचना रक्षामन्त्री राजनाथ सिंह को दे दी थी; परन्तु खेद है! देश के समाचार-चैनलों ने इस महत्त्वपूर्ण समाचार को प्राथमिकता नहीं दी है।

(सर्वाधिकार सुरक्षित― आचार्य पं० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, प्रयागराज; २० अप्रैल, २०२३ ईसवी।)