हरदोई : नवीन कृषि मंडी में एक आढ़त में गरीबों के खाद्यान्न के पकड़े गए 480 बोरी खाद्यान्न को जिलाधिकारी शुभ्रा सक्सेना ने गंभीरता से लिया है। डीएम के आदेश पर दोषी पाए गए उत्तर प्रदेश राज्य खाद्य एवं आवश्यक वस्तु निगम बेनीगंज के प्रभारी, दुकान मालिक एवं आढ़ती समेत 9 लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी, अभिलेखों में हेरीफेरी के साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत शहर कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। खाद्यान्न की बरामदगी के समय हिरासत में लिए गए आढ़ती समेत 4 लोगों को पुलिस ने जेल भेज दिया है।
मंडी अध्यक्ष सहित 08 पर मुकदमा दर्ज
एफसीआइ से यूपीएसएफसी के बेनीगंज (कोथावां) गोदाम न ले जाकर नवीन मंडी में 240 कुंतल खाद्यान्न की कालाबाजारी किए जाने के दौरान ही शनिवार रात पकड़ लिया गया था। डीएम ने गरीबों के खाद्यान्न की कालाबाजारी को गंभीरता से लिया आपूर्ति विभाग की रिपोर्ट पर एफआइआर के आदेश दिए। जिला पूर्ति अधिकारी सुनील ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक सदर विवेक ¨सह ने शहर कोतवाली में यूपीएसएफसी के कोथावां के परिवहन ठेकेदार शिवा ट्रांसपोर्ट के प्रोपराइटर विजेंद्र गुप्ता, महोलिया शिवपार निवासी नवीन मंडी के आढ़ती प्रमोद कुमार गुप्ता, रेवलेगंज निवासी मंडी की दुकान संख्या स-28 के मालिक सुशील कुमार गुप्ता, यूपीएसएफसी बेनीगंज (कोथावां) के गोदाम प्रभारी प्रेम वल्लभ भट्ट, ट्रक एवं डीसीएम चालक चांद बेहटा के मजरा हरीपुरवा निवासी दीप ¨सह, कछौना के कुकुही निवासी हेल्पर मंजेश, नयागांव मुबारक के मजरा गोंधाई निवासी पल्लेदार अनीस, हरीपुरवा निवासी रोशन लाल एवं एक अन्य के विरुद्ध 420, 409 आईपीसी एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3-7 के तहत एफआईआर दर्ज कराई है।
वहीं बरामद खाद्यान्न को बावन गोदाम प्रभारी की सुपुर्दगी में दिया गया है। जबकि ट्रक एवं डीसीएम शहर कोतवाली पुलिस के कब्जे में हैं। वहीं शहर कोतवाली पुलिस ने मौके से हिरासत में लिए गए आढ़ती प्रमोद गुप्ता, रोशनलाल, मंजेश, दीप ¨सह एवं अनीस को सोमवार को जेल भेज दिया है। वहीं आपूर्ति एवं पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।