हरदोई महोत्सव की तरह गांधी मैदान में होगा चार दिवसीय हरदोई मेला

हरदोई महोत्सव की तर्ज पर नगर के सुप्रसिद्ध गांधी मैदान में चार दिवसीय हरदोई मेले का आयोजन जी10 ग्रुप व एनसीएन ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा। इस संदर्भ में मेले के आयोजकों द्धारा जानकारी देने के लिए प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में बोलते हुए मेले के आयोजकों में शामिल रविकिशोर गुप्ता ने बताया कि हरदोई मेले का प्रारम्भ 27 दिसम्बर को तथा समापन 30 दिसम्बर को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले में आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए ऑडिशन कराए जाएंगे जिनमे अच्छी परफार्मेंस देने वाले प्रतिभागी आगे प्रतियोगिता के चयनित किये जाएंगे।

होटल महेंद्र प्लाजा में 20 तारिख को जूनियर व सीनियर वर्ग की गायन प्रतियोगिता, 21 दिसम्बर को प्राइमरी, जूनियर व सीनियर वर्ग की सोलो डांस तथा ग्रुप डांस प्रतियोगिता का ऑडिशन होगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रतिभागियों को निर्धारित शुल्क के साथ फार्म भरकर 19 दिसम्बर तक जमा करना होगा। मेले के मीडिया प्रभारी अजीत शुक्ल ने बताया कि मेले के प्रथम दिन जूनियर व सीनियर वर्ग में बेबी फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता तथा विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। 28 दिसम्बर को सोलो व ग्रुप डांस प्रतियोगिता तथा 19 तारीख को मिस्टर हरदोई, मिस हरदोई व डॉग शो का आयोजन होगा। श्री शुक्ल ने कहा कि मेले के अंतिम दिन देश प्रदेश से आये कलाकारों के द्धारा ग्रुप डांस, सेलिब्रिटी शो व अन्य कार्यक्रम होंगे। प्रेसवार्ता में रविकिशोर गुप्ता, अखिलेश गुप्ता, कुलदीप द्विवेदी, अजीत शुक्ल, आलोकिता श्रीवास्तव व अवनीश गुप्ता मौजूद रहे।