सीरिया को लेकर उपजे तनाव और क्षेत्र में ईरान के बढ़ते प्रभुत्व के बीच अरब लीग का 29वां शिखर सम्मेलन आज सउदी अरब के दहरन में शुरू हुआ। सउदी अरब को उम्मीद है कि अरब देशों के नेताओं के इस सम्मेलन में ईरान के खिलाफ एक संयुक्त रणनीति बनाई जा सकेगी। अन्तर्राष्ट्रीय निरीक्षक आज दमिष्क के निकट कथित रासायनिक हमले के स्थान की जांच शुरू करेंगे। इस हमले की प्रतिक्रिया में पश्चिमी देशों ने सीरिया सरकार के खिलाफ हमले किए। पश्चिमी देशों का कहना है कि रासायनिक हमले में क्लोरीन और सरीन का इस्तेमाल किया गया, जिसमें दर्जनों लोग मारे गए थे।
फ्रांस ने रूस से अपील की है कि वह सीरिया में संकट के राजनीतिक समाधान के प्रयासों में हिस्सा ले। फ्रांस ने पूर्वी और पश्चिमी यूरोप में बढ़ते तनाव के बावजूद रूस के साथ नियमित बातचीत जारी रखी है। शुक्रवार को सीरिया पर पश्चिमी मिसाइल हमलों से पहले फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूसी राष्ट्रपति ब्लादिमीर पुतिन से बातचीत की थी।