हरदोई– कन्या विवाह सहायता योजना के अन्तर्गत आज सीएसएन कालेज प्रांगण में आयोजित मण्डल स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के श्रम एवं सेवा योजन मंत्री अनिल राजभर ने विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री श्रम एवं सेवा योजन मनोहर लाल पंथ मन्नू कोरी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह तथा पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के साथ संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन तथा गणेश पूजा के साथ किया।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम में आये जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए श्री राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार के श्रम विभाग में पंजीकृत सभी गरीब श्रमिकों की बेटियों की शादी सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के माध्यम से करायीं जा रही हैं। साथ ही पंजीकृत श्रमिकों को श्रम विभाग की अन्य कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस अवसर पर राज्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सभी वर्ग के अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को संचालित किया जा रहा और इससे प्रदेश के लाखों युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। सामूहिक विवाह कार्यक्रम को भव्यता के साथ सम्पन्न कराने पर मंत्री ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक तथा सहायक श्रमायुक्त की सराहना की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने मंत्री, राज्यमंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष तथा मंच पर उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आपका वैवाहिक जीवन सफल एवं मंगलमय हो। उन्होंने कहा कहा कि सरकार की मंशानुरूप जनपद में अधिक से अधिक गरीब कन्याओं के विवाह मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से कराये जा रहे हैं और इसी कड़ी में आज 1150 जोड़ों में से 1075 हिन्दू रीति रिवाज एवं 75 जोड़ों का निकाह के माध्यम से विवाह सम्पन्न हुआ है।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपंन होने के बाद मंत्री, राज्यमंत्री, जिला पंचायत अध्यक्ष, जिलाधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक ने वर-वधुओं पर फूलों की बारिश करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया तथा मंच पर नवविवाहित जोड़ों को प्रमाणपत्र प्रदान किये। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, अवधक्षेत्र मंत्री पीके वर्मा, अन्य जनप्रतिनिधि, गण्यमान्य व्यक्ति, बड़ी संख्या में नवविवाहित जोड़ों के बन्धु-बान्धव लोग उपस्थित रहे।