हरदोई– वैसे तो पुलिस का नाम आते ही लोगों के मन में बुरे ख्याल आने लगते है, लेकिन आज आपको एक ऐसे पुलिस कांस्टेबल के बारे में बताने जा रहे जो डॉयल 112 पर तैनात है। यह पुलिसकर्मी पक्षियों को कैद और पशुओं को भूखा नहीं देख पाता है। जिसके सराहनीय कार्यों को देखकर एसपी राजेश द्विवेदी ने 10 हजार का इनाम देकर पुरस्कृत किया है।
पुलिस का नाम आते ही लोग अपने मन में नकारात्मक विचार लाने लगते है, लेकिन आज आपको एक ऐसे पुलिसकर्मी के बारे में बताने जा रहे है जो मानवीय कार्यों में रूचि रखता है। जिसने बेहतर कार्य से पुलिस विभाग के नाम को रोशन किया है। जिसका नाम कांस्टेबल सुरेश सबलोक है और मूलरूप से यूपी के सहारनपुर जिले का रहने वाला है, जो इस समय हरदोई जिले में डॉयल 112 की 2711 पीआरवी पर तैनात है। जिसका पुलिस विभाग में 2019 बैच में चयन हुआ था, जब से इनका चयन हुआ है तब से यह बेजुबानों के खाने की व्यवस्था और उन्हें आज़ाद कराने का कार्य करते चले आ रहे है। अगर इनको शहर में पिंजरे में कैद किए कोई पक्षी बेचते हुए मिल जाता है तो उसे यह खरीदकर आजाद कर देते है। जिसके वीडियो वायरल होने के बाद लोग पुलिसकर्मी की प्रशंसा करते नज़र आ रहे है। इतना ही नहीं यह कांस्टेबल अपने वेतन से हर माह कुछ न कुछ सराहनीय कार्यों में लगाता है। जब इसे बाजार या अन्य स्थानों में पिंजरे में कैद कोई पक्षी नहीं मिलता है तो यह उसी वेतन से पैसा निकालकर गौशाला आदि के बेजुबानों के लिए चारा भेज देता है।
जब इस नेक कार्य की जानकारी हरदोई एसपी राजेश द्विवेदी को हुई तो उन्होंने पुलिसकर्मी सुरेश सबलोक को बुलाया और उसकी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग आप जैसे जवानों के सराहनीय कार्य करने से गौरवान्वित होता है। इन से अन्य जवानों को भी प्रेरणा लेकर मानवीय जीवन का परिचय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनको पता चला कि अल्प वेतन से 1400 रूपये खर्च करके आरक्षी ने सभी चिड़ियों को उड़ा दिया। इस पर उन्होंने आरक्षी को बुलाकर 10 हजार रूपये का इनाम देकर पुरस्कृत किया है, और आगे भी सराहनीय कार्य करने के लिए प्रेरित किया है।