आबकारी व पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध शराब का ज़खीरा किया बरामद, कई गिरिफ़्तार

  • उपजिलाधिकारी, सीओ व आबकारी निरीक्षक की मौजूदगी में शराब की दुकानों का हुआ सघन निरीक्षण
  • पंचायत चुनाव व होली के मद्देनजर शराब बिक्री के निर्देशों का कड़ाई से पालन का पढ़ाया पाठ

कछौना (हरदोई): अपर मुख्य सचिव आबकारी संजय आर भुसरेड्डी के आदेश पर पंचायत चुनाव एवं आगामी होली त्योहार के मद्देनजर जिलाधिकारी अविनाश कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स के दिशा निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी हरदोई रविशंकर, उपजिलाधिकारी संडीला मनोज श्रीवास्तव एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी बघौली हेमंत उपाध्याय के नेतृत्व में जनपद में चलाए जा रहे विशेष प्रवर्तन अभियान के अंतर्गत गुरुवार को आबकारी एवं कछौना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा थाना कछौना के ठाकुरगंज कंजड़ बस्ती एवं समसपुर में दबिश दी गई।

दबिश के दौरान लगभग 55 लीटर कच्ची शराब, 800 किलोग्राम लहन के साथ 6भट्टी व शराब बनाने के उपकरण बरामद हुए। बरामद शराब एवं उपकरणों को कब्जे में लेकर लहन एवं भट्टियों को मौके पे नष्ट किया गया। मौके से राम मिलन पुत्र मुन्नीलाल एवं राजबाबू पुत्र प्यारेलाल दोनों निवासी ठाकुरगंज कंजड़बस्ती को मौके से 20 लीटर अवैध अपमिश्रित कच्ची शराब, यूरिया खाद तथा शराब बनाने के उपकरणों सहित गिरफ्तार किया गया। आबकारी अधिनियम की धारा 60(2) व आईपीसी की धारा 272 के तहत दोनों को जेल भेजा गया। समसपुर में सुनील पुत्र राक्सिराम एवं शिवा पुत्र राजेन्द्र के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

इसके अलावा उपजिलाधिकारी, सीओ बघौली व आबकारी निरीक्षक की संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र की आबकारी दुकानों का सघन निरीक्षण किया गया तथा समस्त विक्रेताओं को नियमानुसार शराब बिक्री के कड़े निर्देश दिये। इस अवसर पर आबकारी निरीक्षक संडीला दिलीप वर्मा मय आबकारी टीम तथा पुलिस टीम से थाना प्रभारी कछौना हंसमती मय पुलिस बल मौजूद रहे।

ख़बर- पी.डी. गुप्ता