विद्यालय कुछ ही दिन आने के बाद भी, उपस्थिति पञ्जिका में पूरे महीने हाज़िर रहे गुरुजी

राहुल मिश्र, बघौली

विकास खण्ड अहिरोरी के प्राथमिक विद्यालय सदियापुर में प्रधानाध्यापक की लापरवाही से विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों का भविष्य चौपट होने की कगार पर है । यहां शिक्षामित्रों के सहारे विद्यालय सञ्चालित हो रहा है । यहां के प्रधानाध्यापक रजत कभी-कभी ही विद्यालय आते हैं और उपस्थिति पञ्जिका पर एक ही दिन में पिछले कई दिनों के हस्ताक्षर बना देते हैं ।

इस प्रधानाध्यापक की लापरवाही का आलम यह है कि ये सोमवार और मंगलवार को विद्यालय आये ही नहीं, लेकिन अगले दिन विद्यालय आने पर उन्होंने उपस्थिति पञ्जिका पर पिछले सभी दिनों में उपस्थित होने के हस्ताक्षर बना दिए । इस सम्बन्ध में ग्राम प्रधान ने कई बार लापरवाह प्रधानाध्यापक की खण्ड शिक्षा अधिकारी अहिरोरी से फोन पर विद्यालय न आने की शिकायत की । लेकिन खंड शिक्षा अधिकारी ने इस मामले की जांच तक करना मुनासिब नहीं समझा ।

ग्रामीणों के अनुसार यह प्रधानाध्यापक खण्ड शिक्षा अधिकारी का करीबी है । खण्ड शिक्षा अधिकारी की मेहरबानी के ही चलते यह प्रधानाध्यापक मनमानी करता रहता है । जिससे विद्यालय में आए दिन शिक्षण कार्य प्रभावित रहता है । विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था बाधित होने के साथ-साथ नौनिहालों की शिक्षा व भविष्य भी चौपट होता दिखाई दे रहा है ।