दीपक कुमार श्रीवास्तव-
कछौना (हरदोई)। प्रशासन के निर्देश पर कस्बे में लागू तीन दिनों के संपूर्ण लॉकडाउन शुक्रवार को संपन्न हुआ। इस दौरान स्क्रीनिंग के लिए नगर के विभिन्न वार्डों में पहुंचे कोरोना योद्धाओं का लोगों ने जगह-जगह स्मृति चिन्ह, पुष्पवर्षा, माल्यार्पण, आदि के माध्यम से स्वागत किया। कोरोना योद्धाओं ने लोगों से लॉकडाउन के पालन एवं कोरोना वायरस से बचाव के लिए सरकारी एडवाइजरी की अनुपालना करने की अपील की।
कस्बा कछौना में संपूर्ण लॉकडाउन के दूसरे दिन गुरुवार को इमलीपुर मोहल्ले में जांच के लिए पहुंची स्वास्थ्य टीम और पुलिसकर्मियों का मोहल्ले वासियों ने पुष्पवर्षा और माल्यार्पण के साथ ताली बजाकर स्वागत किया। इमलीपुर मोहल्ले के ही निवासी वरिष्ठ पत्रकार धनीराम श्रीवास्तव ने उनके घर पहुंची स्वास्थ्य कर्मियों की टीम, पुलिस कर्मियों का अपनी पत्नी श्रीमती शिवानी श्रीवास्तव, पुत्री कविता श्रीवास्तव और पुत्र समीर व ललित श्रीवास्तव के साथ पुष्पवर्षा और गुलाब का फूल भेंटकर अभिनंदन करते हुये उनकी हौसला अफजाई की। इस दौरान कोरोना वारियर्स ने भी उत्साहवर्धन के लिए उनके पूरे परिवार का आभार व्यक्त किया। धनीराम श्रीवास्तव ने कहा कि कोरोना वायरस के संकट काल के समय पुलिस, स्वास्थ्यकर्मी और स्वच्छता कर्मी आदि कोरोना योद्धा के रूप में देशवासियों को गुणा के संक्रमण से बचाने के लिए स्वयं की परवाह न करते हुए दिन रात ड्यूटी कर रहे हैं। ऐसे में इन योद्धाओं का सम्मान दिल से किया जाना चाहिए।
संपूर्ण लॉकडाउन के तीसरे दिन शुक्रवार को वार्ड नंबर 6 इस्लामनगर में पहुंचे सभी कोरोना वारियर्स को सभासद पुत्र मेराज मंसूरी के नेतृत्व में गुलाब का फूल देकर उनका इस्तकबाल किया गया। वहीं कस्बे के पूर्व सभासद ओपी राठौर के नेतृत्व में सीएचसी कछौना परिसर में अधीक्षक किसलय वाजपेई, अधिशासी अधिकारी डॉ प्रकाश गोपालन, प्रभारी निरीक्षक रायसिंह समेत मौजूद समस्त स्वास्थ्य कर्मियों, पुलिसकर्मियों व स्वच्छता कर्मियों पर पुष्पवर्षा के साथ माल्यार्पण कर उनका अभिनंदन और उत्साहवर्धन किया गया।