माधौगंज (हरदोई)– शराब का अवैध कारोबार करने वाले लोगो ने पुलिस इंस्पेक्टर की प्रेरणा से हवन कुंड में लहन व उपकरणों की आहुति डालकर शराब न बनाने की पुलिस अधीक्षक के समक्ष शपथ ली। कंजड़ पुरवा व बड़ैया खेड़ा के लोगो की समस्याओं के निस्तारण के लिए एस डी एम व बीडीओ के साथ शिविर लगाने का निर्देश इंस्पेक्टर को दिया।
थाना क्षेत्र गांव दौलतयार पुर के मजरा कंजड़ पुरवा व बड़ैया खेड़ा में कच्ची शराब का अवैध कारोबार बड़ी मात्रा में किया जाता है। कारोबार पर लगाम लगाने के लिए थाने के प्रभारी निरीक्षक आर के शर्मा दोनों गांव के अवैध शराब के धंधे से जुड़े लोगों से इस बुरे काम को छोड़ने के लिए कई दौर की वार्ता की।जिसका असर सोमवार को देखने को मिला। पुलिस ने एक बड़ा सा कुंड खोदवाया जिसमे वेदमंत्रोचार के साथ शराब न बनाने एवं उनके उपकरणों की आहुतियां पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी के समक्ष दी। आहुति में गांव के सैकड़ो महिला,पुरुष,व उनके बच्चों ने भाग लिया। एस पी ने धंधे से जुड़े लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि इस अवैध शराब के व्यापार से आप का कमाया हुआ धन पुलिस के पकड़ने पर खुद को बचाने पर नष्ट हो जाता है। मेहनत व ईमानदारी से परिवार के खर्च चलाने के लिए तमाम व्यापार है। उन्होंने कहा कि माता पिता होने का फर्ज निभाओ। अपने बच्चे को अच्छी शिक्षा व संस्कार देकर उन्हें एक अच्छा नागरिक बनाने को कहा। इन बच्चों के भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए बुरे धंधे की आहुति देकर सराहनीय कार्य किया है। बेहतर धंधा करने के लिए उन्हें सरकार द्वारा अनुदान दिया जाता है उसका लाभ उठाए। एस पी ने कहा कि वह कछौना में एच सी एल फाउंडेशन के कार्यक्रम से यहां आया हूँ उस फाउंडेशन में सिलाई कड़ाई बुनाई आदि का काम किया जाता है। उससे जुड़कर महिलाएं घरेलू काम कर परिवार की उन्नति कर सकती है। इंस्पेक्टर की प्रसंशा करते हुए कहा कि यहउनका प्रयास सराहनीय है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि उन्होंने ऐसा ही प्रयास कानपुर में कर चुके है जिसमे उन्हें सफलता मिली थी। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य आनन्द सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त किए।