घर में घुसकर वृद्ध महिला के साथ दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

कछौना (हरदोई)। कोतवाली कछौना क्षेत्र के अंतर्गत अज्ञात लुटेरों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर वृद्ध महिला को बुरी तरह घायल कर उसके साथ लूट की घटना को अंजाम दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार एक सौ दो वर्षीय श्रीमती पत्नी मुन्नू लाल निवासी मोहल्ला पूर्वी चौराहा शनिवार दोपहर घर में आराम कर रही थी। लॉकडाउन के चलते गलियों में सन्नाटा पसरा था। इसी दौरान दोपहर लगभग 1:30 बजे दो अज्ञात लुटेरों ने घर में घुसकर वृद्ध महिला पर हमला बोल दिया। लुटेरे बुजुर्ग महिला को लहूलुहान कर घायल करते हुये कान में पहने सोने के टप्स, गले का लॉकेट, हाथ में पहने कीमती चूड़ियाँ और बक्से में रखे आठ हजार रुपये लूट कर मौके से फरार हो गए। वृद्ध महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। पड़ोसियों के द्वारा वृद्ध महिला के पुत्र बृजमोहन सोनी और स्थानीय पुलिस को घटना की सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों की सहायता से घायल वृद्ध महिला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना लाया गया। जहां बुरी तरह घायल वृद्ध महिला की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल हरदोई रिफर कर दिया। वहीं आसपास के स्थानीय लोगों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार वृद्ध महिला का दो-तीन दिन पूर्व अपने पुत्र बृज मोहन सोनी के परिवार से विवाद हो गया था। जिसके बाद उसका पुत्र उसे पास ही स्थित अपने एक अन्य मकान में छोड़ आया था। जहाँ वृद्ध महिला अकेले रह रही थी।

फिलहाल दिनदहाड़े हुई लूट की इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना पाकर क्षेत्राधिकारी अखिलेश राजन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना पहुंचकर स्थानीय पुलिस और परिजनों से घटना की जानकारी ली। वहीं वृद्ध महिला के पुत्र बृजमोहन सोनी ने पुलिस को मामले की तहरीर दी है। कोतवाल राय सिंह ने बताया मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।