शहादत का बदला लेने के लिए सुरक्षाबलों को पूरी आजादी – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

जम्मू कश्मीर के पुलवामा में हुए आत्मघाती हमले के बाद शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हुई केंद्रीय सुरक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा शहादत का बदला लेने के लिए सुरक्षाबलों को पूरी आजादी दे दी गई है।

हमले के बाद पूरे देश का खून खौल रहा है लेकिन जनता को सैनिकों के शौर्य पर भरोसा है। पीएम ने कहा गुनहगारों को उनके किए की सजा अवश्य मिलेगी। भारत आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई को और भी तेज करेगा। प्रधानमंत्री ने आतंकियों को चेतावनी देते हुए कहा कि आतंकी संगठनों को और उनके सरपरस्तों को कहना चाहता हूं कि वो बहुत बड़ी गलती कर गए हैं।

पीएम के इस वक्तव्य के बाद सीआरपीएफ भी गुस्से में है। बल ने एक ट्वीट करते हुए कहा कि “न भूलेंगे और ना ही माफ करेंगे”। सुरक्षा बल ने ट्विटर पर अपने आधिकारिक अकाउंट पर ट्वीट करते हुए कहा कि ‘हम न भूलेंगे, ना ही माफ करेंगे। हम पुलवामा हमले में शहीद हुए अपने जवानों को सलाम करते हैं और शहीद भाईयों के परिवार के साथ खड़े हैं। इस जघन्य हमले का बदला लिया जाएगा’। देश की जनता के साथ हमारे सैनिक कितने आक्रोशित है उनके ट्वीट से ही पता चलता है।

गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के पुलवामा जिले में गुरुवार को जैश-ए-मोहम्मद के एक आतंकवादी ने विस्फोटकों से लदे वाहन से सीआरपीएफ जवानों को ले जा रही बस को टक्कर मार दी, सूत्रों के अनुसार हमले में 42 जवान शहीद हो गए।

जम्मू कश्मीर राजमार्ग पर अवंतिपोरा इलाके में इस काफिले पर घात लगाकर हमला किया गया। श्रीनगर से लगभग 20 किलोमीटर दूर पुलवामा के इस हमले की जिम्मेदारी पाकिस्तान आधारित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद ने ली है।

रिपोर्ट – अवनीश मिश्रा