मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कल उच्च शिक्षण संस्थानों के लिए इंडिया रैंकिंग-2018 जारी की और राष्ट्रीय संस्थान श्रेणी रूपरेखा के अंतर्गत संस्थानों को पुरस्कार प्रदान किये। इस अवसर पर श्री जावड़ेकर ने कहा कि रैंकिंग देने का उद्देश्य शिक्षा के स्तर में सुधार लाना है। इसका उद्देश्य संस्थानों के बेहतर प्रदर्शन के लिए उनके बीच प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा नए मानदण्ड तय करना भी है। भारत रैकिंग में जो भी पहले 100 संस्थान आये हैं उन सबको बहुत-बहुत बधाई। मालूम हो कि भारत में नौ सौ यूनिवर्सिटी है और चालीस हजार कॉलेज हैं ।
भारतीय विज्ञान संस्थान, बैंगलुरू को देश का सर्वश्रेष्ठ संस्थान माना गया है। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, मद्रास को सर्वश्रेष्ठ इंजीनियरिंग कॉलेज और भारतीय प्रबंधन संस्थान, अहमदाबाद को सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन संस्थान का दर्जा दिया गया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के मिरांडा हाउस का चयन सर्वश्रेष्ठ कॉलेज और बैंगलुरू के नेशनल लॉ स्कूल ऑफ इंडिया यूनिवर्सिटी को सर्वश्रेष्ठ विधि विद्यालय का दर्जा मिला है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली, चंडीगढ़ स्थित स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान संस्थान तथा क्रिस्चिन मेडिकल कॉलेज, वेल्लोर को देश के तीन शीर्ष मेडिकल कॉलेजों में शामिल किया गया है। विश्वविद्यालय श्रेणी में भारतीय विज्ञान संस्थान को पहला स्थान मिला है, जबकि जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय को दूसरा और काशी विश्वविद्यालय को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। राष्ट्रीय फार्मास्यूटिकल शिक्षा और अनुसंधान संस्थान मौहाली को फार्मेसी संस्थान में शीर्ष स्थान और भारतीय प्राद्योगिकी संस्थान खड़कपुर को आर्किटेक्चर में शीर्ष स्थान मिला है। भारतीय रैंकिंग के तीसरे संस्करण में नौ श्रेणियों में दो हजार आठ सौ नौ संस्थानों ने भाग लिया था।