एसपी ने पेश की इंसानियत की मिसाल, सड़क हादसे में घायल गाय को भेजा अस्पताल

कौशाम्बी। यूपी के कौशांबी में एसपी अभिनंदन सिंह ने रोड किनारे घायल तड़पती गाय को इलाज के लिए अस्पताल भेजकर इंसानियत की मिसाल पेश की है।

दरअसल लॉक डाउन का पालन कराने के लिए अपने काफिले के साथ निकले एसपी को कोखराज थाना क्षेत्र के बिसारा के गाँव के पास एक घायल गाय रोड किनारे तड़पती दिखी। एसपी ने अपने वाहन को रुकवाया। उनके पीछे चल रहे स्कॉर्ट भी रुक गए। एसपी वाहन से बाहर निकले तो पुलिस के जवान भी बाहर निकल पड़े।

अचानक एसपी के काफिले के साथ रुक जाना और फिर बाहर निकलना, लोगों को लगा कि कोई बड़ा मामला है। यह देख लोग दंग रह गए। एसपी घायल गाय के पास पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछा तो पता चला कि एक ट्रक ने गाय को टक्कर मार दिया। जिससे वह घायल हो गई। उन्होंने फौरन मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को मामले की जानकारी दी। एसपी के काफिले के साथ रुकने की जानकारी हुई तो स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल गाय को इलाज के लिए नजदीकी पशु चिकित्सा अस्पताल भेजवा दिया। एसपी के इस पशु प्यार को देखकर लोग तारीफ करने से बाज नहीं आ रहे।

IV24 न्यूज़ कौशाम्बी से जिला ब्यूरो चीफ मसुरिया दीन मौर्य की रिपोर्ट