कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बारिश प्रभावित जिलों के उपायुक्तों को सतर्क रहने का निर्देश दिया। श्री बोम्मई ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए वर्षाग्रस्त जिलों के उपायुक्तों से कहा कि राहत और पुनर्वास कार्य में कोई चूक नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नुकसान की निगरानी की रिकॉर्डिंग के दौरान कुछ जगहों पर लापरवाही बरतने की खबरें हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत के आंकड़े जमीनी स्तर पर आधारित होने चाहिए। उन्होंने उपायुक्तों को वर्षा प्रभावित इलाकों का दौरा करने को कहा। श्री बोम्मई ने उपायुक्तों को इस महीने हुए नुकसान के बारे में तहसीलदारों को उचित निर्देश जारी करने को भी कहा। उन्होंने कहा कि तत्काल सर्वेक्षण कराकर इसी माह राहत राशि वितरित की जाए।
राजस्व विभाग के अनुसार इस महीने हुई तेज बारिश में 13 लोगों की मौत हो गई। छह हजार दो सौ 79 हेक्टेयर में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचा है तथा तीन हजार तीन सौ नौ घर क्षतिग्रस्त हो गए।