‘डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय की पाठशाला’ की ओर से ‘अपनी भाषा सुधारिए!’ अभियान नवम्बर-माह के प्रथम सप्ताह से होगा शुरू

● ‘डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय की पाठशाला’ की ओर से ‘अपनी भाषा सुधारिए!’ अभियान प्रयागराज में नवम्बर-माह के प्रथम सप्ताह से प्रारम्भ होगा।

★ अभियान का प्रथम चरण :–
(समय : दस मिनट)
हिन्दीभाषानुरागीजन प्रयागराज के समस्त समाचारपत्र-कार्यालयों में जाकर सम्पादकीय प्रभारी-सहित समस्त सम्बद्ध पत्रकारों के साथ आत्मीयतापूर्ण परिवेश में मिल-बैठकर उन्हें समाचारपत्रों में मुद्रित अशुद्ध शब्दों से अवगत कराते हुए, लिखित रूप में पच्चीस शब्दों (अर्थसहित) को भेंट करेंगे।

★ अभियान का द्वितीय चरण :–
(समय : दस मिनट)
हिन्दीशुद्धता-व्यवहार के प्रति सजग-सन्नद्ध हमारा शिष्टमण्डल प्रयागराज के समस्त बैंकों में जाकर शाखा-प्रबन्धक के साथ भेंटकर उन्हें और वहाँ के कर्मियों को शुद्ध हिन्दी व्यवहार करने का आग्रह करेगा और उन्हें दस शब्दों (अर्थसहित) की एक सूची प्रदान करेगा।

★ अभियान का तृतीय चरण :–
(समय : दस मिनट)
हमारा प्रतिनिधिमण्डल प्रयागराज के उस व्यावसायिक वर्ग के साथ भेंट करेगा, जो अपने प्रतिष्ठानों की पट्टिकाओं में अशुद्ध शब्दों का प्रयोग करते आ रहे हैं। उन्हें पाँच शब्दों (अर्थसहित) की एक सूची दी जायेगी।

शब्दानुशासन के प्रति सतर्क दृष्टिबोध का परिचय करानेवाले ‘प्रयागराज के प्रबुद्धवर्ग’ का इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करने के लिए स्वागत है। ऐसे विशिष्टजन अपनी ‘यायावर भाषक-संख्या (मोबाइल नम्बर) यहाँ उपलब्ध करा सकते हैं। उन्हें तिथि, समय तथा स्थान की सूचना यथावसर दे दी जायेगी।