महाशिवरात्रि कल भी मनाई जाएगी

देश के अनेक भागों में महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में डुबकी लगाई और शिव मंदिरों में पूजा अर्चना की । वाराणसी के काशी विश्‍वनाथ मंदिर में बड़ी संख्‍या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं । विश्व प्रसिद्ध 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम भोर से ही शुरू हो गया । वहां मंगला आरती के बाद पूजा अर्चन लगातार जारी है । कई स्थानों पर शिव बारात भी निकाली जा रही है । इलाहाबाद में माघ मेले के आज के स्नान के साथ ही एक महीने से अधिक समय तक चलने वाले माघ मेले का औपचारिक समापन हो जाएगा । महाशिवरात्रि कल भी मनाई जाएगी । उपराष्‍ट्रपति वेंकैया नायडु और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दी हैं। नेपाल में भी महाशिवरात्रि का पर्व धार्मिक श्रद्धा और उल्‍लास के साथ मनाया जा रहा है ।