आदित्य त्रिपाठी (ऑनररी मैनेजिंग एडिटर)

हरदोई– शिक्षकों की विभिन्न मांगों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ब्लाक इकाई कोथावाँ की बैठक का बीआरसी बेनीगंज पर आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष अंतर्यामी वाजपेई ने की। बैठक में प्रदेश नेतृत्व द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए ब्लाक अध्यक्ष अंतर्यामी वाजपेई ने कहा कि संघटन विगत कई वर्षों से अपनी मांगें सरकार के समक्ष विनम्रतापूर्वक रख रहा है, परंतु सरकार दमनकारी रवैया अपनाते हुए संघ की मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। संघटन की प्रमुख मांगों में पुरानी पेन्शन बहाली, 17140 से 18150 का वेतनक्रम, राज्य कर्मियों की भांति उपार्जित अवकाश, नियत समय के बाद माध्यमिक शिक्षकों की तरह प्रोन्नत वेतनमान, सामूहिक बीमा 10 लाख रूपए करने, विद्यालय अविध के पश्चात मासिक बैठक व संकुल बैठक मे न बुलाने व शिक्षकों से गैर शैक्षणिक कार्य न कराए जाने की बात कही। साथ ही साथ सभी विद्यालयों मे प्रधानाध्यापक का पद सृजित किए जाने, नियमित पदोन्नति किए जाने, पारस्परिक स्थानांतरण वर्ष भर किए जाने व न्यूनतम सेवा अवधि की शर्त को समाप्त किए जाने की मांग को भी रखा गया।
ब्लाॅक अध्यक्ष ने बताया कि मांगों के समर्थन मे संघटन ने अपना मांगपत्र पुनः मुख्यमन्त्री व बेसिक शिक्षा मन्त्री को भेजा है व मांगों को पूरा करने का अनुरोध किया है। संघटन ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को न माना गया तो प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार क्रमिक रूप से आन्दोलन किया जाएगा। संघटन सितम्बर के अन्तिम सप्ताह मे शिक्षा निदेशक (बेसिक) के कार्यालय पर धरना देगा। बैठक मे मुख्य रूप से प्रदीप कुमार सिंह, सत्येंद्र कुमार तिवारी, सुदेश दीपक मिश्र, करुणेन्द्र प्रताप सिंह, सोनम गुप्ता, अनुदित त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।