सपा के नेता करते हैं देश को जाति, धर्म व सम्प्रदाय के आधार पर बांटने की राजनीति – सतीश महाना

दीपक कुमार श्रीवास्तव-

हरदोई। जनपद हरदोई के कस्बा कछौना स्थित संगीता सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव एवं मेधा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। मुख्य अ तिथि प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने विद्यालय के मेधावियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।

संगीता सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने विद्या की देवी मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन व विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद क्षेत्रीय सांसद अशोक रावत, क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा, मल्लावां विधायक आशीष सिंह ‘आशू’ ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया। तत्पश्चात विद्यालय के छात्र छात्राओं ने सरस्वती वंदना के साथ रंगारंग कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए गीत, संगीत, हास्य, नाटक आदि के माध्यम से मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रस्तुत की। जिनका उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उत्साहवर्धन किया। इस दौरान मुख्य अतिथि द्वारा विद्यालय के मेघावियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने कहा कि परिवार बच्चों की प्राथमिक पाठशाला होती है, जहां माता-पिता के द्वारा बच्चों की तीन प्रारंभिक शिक्षा की शुरुआत होती है। सरस्वती शिशु मंदिर में बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि विद्यालय कोई छोटा बड़ा नहीं होता, विद्यालय वही बड़ा होता है जहां बच्चों को शिक्षा के साथ नैतिक शिक्षा प्रदान करते हुए उनका सर्वांगीण विकास कर उन्हें स्वावलंबी एवं आत्मविश्वास से परिपूर्ण बनाया जाता है। वही पत्रकारों के द्वारा अखिलेश यादव के संबंध में सवाल पूछे जाने पर उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसे जाति के आधार पर समाज को बांटने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता संप्रदाय विशेष को गलत व झूठे तथ्यों के आधार पर उकसाकर वोट बैंक की राजनीति करते हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने गुंडागर्दी, जातिगत व संप्रदायवादी राजनीति का खात्मा कर देश की दशा व दिशा बदलते हुए विकास की राजनीति जारी रखी है।

भारतीय जनता पार्टी ने सबका साथ सबका विकास का नारा देकर देश को प्रगति की ओर अग्रसर किया है। पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के मौजूदा सरकार द्वारा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की बात कहने के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमें देश की न्यायिक व्यवस्था जो पूरी दुनिया से बेहतर है, पर गर्व है। जो व्यक्ति भ्रष्टाचार के मामले में हाईकोर्ट में दोषी करार दिये जाने के बाद देश की सर्वोच्च अदालत के फैसले की न्यायिक प्रक्रिया के तहत कई महीनों तक जेल में रहा हो वो आखिर कह भी क्या सकता है।

इस अवसर पर जिला प्रचारक सुधांशु जी, पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक अग्रवाल, प्रधानाचार्य राम शंकर शुक्ला, जगदीश गुप्ता, डॉक्टर अनिल गुप्ता, नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि विकास विश्वकर्मा, श्रीनिवास अग्रवाल, एसपी सिंह, प्रधान कृष्ण कांत सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता योगेंद्र भैया, जिला प्रतिनिधि भाजपा ब्रह्म कुमार सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन पटेल, भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष मयंक सिंह, सत्य प्रकाश अस्थाना, अनूप दीक्षित, पुनीत गुप्ता, शिवम मिश्रा सहित गणमान्य लोग व छात्र-छात्राएं व उनके अभिभावक मौजूद रहे।