नाबालिग ट्रैक्टर चालक ने दो मासूम भाइयों को रौंदा, एक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर घायल

कछौना (हरदोई): कोतवाली बेनीगंज के अंतर्गत ग्राम मानपुर में दो सगे भाई साइकिल से घर आ रहे थे, इसी दौरान गांव के नौसिखिया नाबालिग ट्रैक्टर चालक की टक्कर से छोटे भाई की मौके पर दर्दनाक मृत्यु हो गई और दूसरे भाई को घायल अवस्था में परिजन निजी साधन से कछौना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर आए। पुलिस मौके पर पहुँची लेेेकिन तब तक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित फरार इस गया था । घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल।

मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली बेनीगंज के ग्राम मानपुर के निवासी मनोहर के दो पुत्र शुक्रवार की सांय साइकिल से खेतों के वापस घर आ रहे थे। इसी दौरान गांव के विनोद शुक्ला का नाबालिग पुत्र उमेश शुक्ला तेज गति से ट्रैक्टर चला कर जा रहा था, उसने दोनों भाइयों के सीधे टक्कर मार दी जिसमें भाई मुकेश उम्र 13 वर्ष छिटक कर दूर गिरा, वहीं छोटा भाई पंकज उम्र 10 वर्ष ट्रैक्टर के नीचे आ गया जिसकी मौके पर दर्दनाक मृत्यु हो गई। ट्रैक्टर चालक मौका पाकर ट्रैक्टर सहित फरार हो गया। दूसरे घायल के इलाज हेतु इमरजेंसी सेवा 108 पर कॉल की लेकिन कॉल नहीं लगी जिसके चलते परिजन निजी साधन से घायल लड़के मुकेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कछौना ले आए जहां पर डॉक्टर अमित श्रीवास्तव की देख रेख में उसका इलाज चल रहा है। इस घटना की सूचना पर 100 नंबर पुलिस व बेनीगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों सगे भाई गांव के परिषदीय विद्यालय में पढ़ते हैं। यातायात नियमों की अनदेखी के चलते एक मासूम मौत के आग़ोश में समा गया। मां के ऊपर दुख का पहाड़ टूट पड़ा, वह दहाड़ मार-मार कर रो रही है। कोई उसका मासूम हंसता खेलता लौटा दे। प्रशासन के लाख प्रयास के बावजूद लोग यातायात नियमों की अनदेखी करते हैं जिसकी कीमत लोगों को उठानी पड़ती है।

रिपोर्ट- पी.डी. गुप्ता