गुजरात में विपक्षी कांग्रेस पार्टी को आज एक और झटका लगा जब पार्टी के मौजूदा विधायक भागाभाई बराड पार्टी से इस्तीफा देकर वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।
भागाभाई बराड़, समुदाय के एक लोकप्रिय नेता हैं, जिन्होंने पिछली विधानसभा में गिर सोमनाथ जिले की तलाला सीट का प्रतिनिधित्व किया था।
इस बीच, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी अपने चुनावी घोषणापत्र के लिए समाज के विभिन्न वर्गों से सुझाव मांग रही है। भाजपा के अग्रसर गुजरात अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री महेंद्र नाथ पांडे ने सूरत में रेहड़ी-पटरी वालों और कपड़ा मजदूरों से मुलाकात कर उनके सुझाव मांगे। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने अहमदाबाद में ऐसे मतदाताओं को संबोधित किया जो पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने उनसे गुजरात के भविष्य के लिए अपनी बहुमूल्य राय देने को कहा। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने आज गांधीनगर में संवाददाताओं को संबोधित किया और राज्य के विकास के लिए अपनी पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और स्टार प्रचारक गोपाल इटालिया ने आज सूरत के मंगरोल इलाके में रोड शो किया, जबकि पार्टी के युवा नेता राघव चड्ढा नवसारी में राजनीतिक प्रचार में शामिल हुए।
इस बीच, भारतीय ट्राइबल पार्टी-बीटीपी ने आज विधानसभा चुनाव के लिए छह उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की।