मुजफ़्फ़रपुर ‘बालिका-गृह’ का मर्मान्तक और लोमहर्षक यौनशोषण-काण्ड!

बलात्कार होते रहे-टेण्डर दिये जाते रहे?

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय
(प्रख्यात भाषाविद्-समीक्षक)

डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय


भारत देश में कभी गाया जाता था, “यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते, रमन्ते तत्र देवता:।” अब वह गायन मिथ्या सिद्ध हो चुका है; क्योंकि उसका गायन करनेवाले चरित्रवान् होते थे और अब जो उसका गायन करते हैं, वे ‘चरित्रहीन’ होते हैं, अन्यथा उस गायन का प्रभाव दिखता। आज उसी भारत देश में एक बच्ची से लेकर वयोवृद्धा के साथ इसी देश के जघन्य काम-पिपासु यौन-शोषण का कृत्य करते आ रहे हैं। यौन-शोषण की एक अन्तहीन सूची है, जो भारत राष्ट्र के मस्तक पर कभी न मिटनेवाले कलंक के रूप में अंकित है। वह व्यथाकथा अपने कालिमामय पन्ने से युक्त है। इस परिप्रेक्ष्य में नगर के साहू पोखर इलाक़ा, मुजफ़्फ़रपुर (बिहार)-स्थित ‘बालिका-गृह’ में घटी नितान्त अमानवीय, क्रूर घटना-क्रम को समझा जा सकता है। उसी बालिका-गृह से कुछ ही दूरी पर नगर का चर्चित ‘रेड लाइट एरिया’– ‘चतुर्भुज’ स्थान स्थित है। आशंका यह भी है कि बालिका-गृह में कुछ लड़कियों को देह-व्यापार कराने के लिए बदनाम एरिया से लाया गया हो और बालिका-गृह की लड़कियों को उस बदनाम क्षेत्र में ले जाता हो।

उस घटना की गम्भीरता को इसी तथ्य के आधार पर समझा जा सकता है कि एक व्यक्ति को १७ एन० ओ० चलाने का अधिकार कैसे दे दिया गया और वह ‘खुला आश्रम’, ‘वृद्धाश्रम’ तथा ‘अल्पावास’ के लिए प्रतिवर्ष क्रमश: १६ लाख, १५ लाख तथा १९ लाख रुपये अनुदान लेता था और उन संस्थाओं के नाम पर ‘अय्याशी’ करता था; निराश्रित बालिकाओं को आश्रय देने के नाम पर उनका यौन-शोषण करता-कराता था और उन बालिकाओं को डरा-धमकाकर, ‘बालिका-गृह’ से बाहर भेजकर उनसे देह का व्यापार करवाता था और अपने आर्थिक साम्राज्य का विस्तार करता रहा। वर्षों से देह-शोषण और देह-व्यापार के खेल नृशंस और बीभत्स तरीक़े से खेले जाते रहे और दूसरी ओर, बिहार-सरकार, बिहार का समाज-कल्याण विभाग तथा बाल-संरक्षण विभाग सोता रहा। वहीं मुजफ़्फ़रपुर की वरिष्ठ पुलिस-अधीक्षक हरप्रीत कौर का कहना है कि ब्रजेश ठाकुर को ‘निविदा’ (टेण्डर) देने में कई नियमों का उल्लंघन किया गया है। पुलिस-अधिकारी के कथन को यह तथ्य पुष्ट करता है कि ३१ मई, २०१८ ईसवी को ब्रजेश ठाकुर के विरुद्ध एफ० आइ० आर० दर्ज़ किया जाता है और उसी दिन बिहार-सरकार के समाज-कल्याण विभाग के पदाधिकारी ने पटना में ‘मुख्य मन्त्री भिक्षावृत्ति निवारण योजना’ के अन्तर्गत ब्रजेश ठाकुर को एक ‘अल्पवास’ का ‘टेण्डर’ दे दिया था। यहाँ प्रश्न है, ‘टिस’ के द्वारा तैयार की गयी बालिका-यौन-उत्पीड़न-शोषण की रिपोर्ट जब ‘समाज-कल्याण विभाग’ के पास भेजी गयी थी और वह रिपोर्ट महीनों तक वहाँ रही तब उसे टेण्डर किस आधार पर दे दिया गया था? यह भी ज्ञात हुआ है कि मुजफ़्फ़रपुर ज़िले के पूर्व-ज़िलाधिकारी धर्मेन्द्र सिंह ने ब्रजेश ठाकुर को ‘बालिका-गृह’ चलाने की स्वीकृति समाज-कल्याण विभाग में निदेशक के पद पर रहते हुए की थी।

इन दिनों साहू रोड में स्थित ‘बालिका-गृह’ के कारनामे सम्पूर्ण देश ही नहीं, अपितु विदेशों में फैल चुके हैं; परन्तु भारत का मुखिया अभी तक मौन है।

३१अक्तूबर, २०१३ ईसवी से ‘सेवा संकल्प एवं विकास समिति’ एन०जी०ओ० की ओर से बालिका-गृह’ का संचालन हो रहा है, जिसका स्वामी ‘रमेश ठाकुर’ के नाम से दर्ज़ है, जबकि इस नाम का कोई व्यक्ति नहीं है। इससे अब यह स्पष्ट होने लगा है कि ब्रजेश ठाकुर ‘छद्म नाम’ से एन०जी० ओ० संचालन करता था। उसमें उन भागी-भटकी हुई लड़कियों को आश्रय दिया जाता है, जिनके माँ-बाप नहीं होते थे। वहाँ ७ वर्ष से लेकर १५ वर्ष की अवस्थावाली बालिकाएँ रखी गयी थीं। तब से अब तक उस बालिका-गृह से उठनेवाली मासूमों की चीख़ दहलीज से पार नहीं हो पाती थी। वह तो भला हो, उस ‘टाटा इंस्टिट्यूट ऑफ़ साइंस’ (टिस) की, जिसने अधिकृत रूप में उस बालिका-गृह का ‘सोसल ऑडिट’ जब वहाँ की बालिकाओं से बातें कीं तब ज्ञात हुआ कि वहाँ रहनेवाली लड़कियों के साथ बलप्रयोग कर यौन-शोषण किया जाता था। अपनी रिपोर्ट में ‘टिस’ ने ‘यौन-शोषण’ का उल्लेख करते हुए, वहाँ के ‘समाज-कल्याण विभाग’ के पास अपनी रिपोर्ट भेजी थी; परिणामत: ३१ मई, २०१८ ईसवी को उस बालिका-गृह’ के संचालक और महाअय्याश ‘ब्रजेश ठाकुर’ के विरुद्ध ‘एफ० आइ० आर०’ दर्ज़ की गयी; परन्तु उसे ‘पुलिस-अभिरक्षा’ में नहीं लिया गया। वहाँ रहनेवाली ४२ बालिकाओं में से २९ पर बलात्कार और लगातार यौन-शोषण की पुष्टि हुई थी। वर्ष २०१५ से २०१७ के बीच बालिका-गृह में रहनेवाली २९ लड़कियों में से ६ गर्भवती थीं, जिनमें से ३ बालिकाओं के गर्भपात करा दिये गये थे; वहीं ४ बालिकाएँ ग़ायब हैं, जिनमें से ३ बालिकाओं की मृत्यु हो चुकी थी, जिसे छिपा लिया गया था और १ के लिए बताया गया है कि वह मुजफ़्फ़रपुर में है, जिसकी अब शादी हो चुकी है। उस बालिका-गृह में लक्ष्मी और मीनाक्षी नामक महिलाएँ ‘डॉक्टर’ के रूप में जाती थीं; परन्तु उन्होंने कभी आपत्ति नहीं जतायी थी। वे महिलाएँ अधिकृत डॉक्टर हैं अथवा किस प्रकार की डॉक्टर हैं, इसकी जाँच करानी चाहिए।आश्चर्य तब और हुआ जब बिहार का मीडिया-तन्त्र सोता रहा अथवा यों कहें, ‘साम-दाम-दण्ड’ से प्रभावित कर वहाँ के मीडिया बिरादरी को ‘बौना’ बना दिया गया। यह भी ज्ञात हुआ है कि उक्त प्रकरण में राजनीतिक, न्यायपालिका, प्रशासन, पुलिस तथा मीडिया से जुड़े बड़े लोग भी संलिप्त रहे हैं।
उक्त घटना का मुख्य आरोपित/ ‘मास्टर माइण्ड’/ सरगना ब्रजेश ठाकुर एन०जी०ओ० के नाम पर सरकार से प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये पाता था। उसे कथित ‘बालिका-गृह’ के लिए प्रतिवर्ष ४० लाख रुपये मिलते थे; परन्तु उसी बालिका-गृह की ३४ लड़कियों ने रोंगटे खड़े कर देनेवाली जो आप-बीती सुनायी हैं, उससे लगा, मानो ४० लाख रुपये उनके यौन-शोषण को सुनिश्चित करने के लिए दिये जा रहे हों।
ज्ञातव्य है कि जिस परिसर में कलंकित बाल-गृह है उसी परिसर में दरिन्दा ब्रजेश ठाकुर का घर भी है। इतना ही नहीं, वहीं से वह दो समाचारपत्र ‘प्रात: कमल’ और ‘न्यूज़ नेक्स्ट’ भी प्रकाशित करता है। आश्चर्य की बात है कि वहाँ सी०सी०टी०ह्वी० कैमरा तक नहीं लगाया गया है और पड़ोसियों को न लगाने की ब्रजेश ठाकुर ने हिदायत दे रखी है। ऐसा इसलिए कि उसकी अय्याशी के कारनामे बालिका-गृह से बाहर न आ सकें। ब्रजेश पर पूर्व में अख़बारात के लिए सब्सिडी के काग़ज़ बाज़ार में बेचने के आरोप थे, जिसे लेकर उसके यहाँ सी० बी० आइ० ने छापामारी की थी। इतना ही नहीं, बलात्कार और सामूहिक यौन-शोषण का मुख्य आरोपित ब्रजेश ठाकुर की अरबों-खरबों की अचल सम्पत्ति पटना, समस्तीपुर, दरभंगा, बेतिया तथा दिल्ली में है।

उस नृशंस घटना की व्याप्ति और छीछालेदर इतनी हुई कि बिहार के मुख्य मन्त्री नीतीश कुमार मुँह छिपाते फिरे। ऐसा भी कहा जा रहा है कि बालिका-गृह में बिहार की मन्त्री मंजु वर्मा के पति चन्द्रेश्वर वर्मा भी प्राय: जाते थे। वर्मा वहाँ क्यों जाते थे, यह जाँच का विषय है। और जब विपक्षी तथा देशवासियों का प्रबल विरोध हुआ तब चुपके से सी०बी०आइ० जाँच की सिफ़ारिश कर दी और २९ जुलाई, २०१८ ईसवी को सी०वी० आइ० ने प्रकरण को दर्ज़ करने के बाद अपनी जाँच शुरू कर दी है।
सी०बी०आइ० जाँच की सिफ़ारिश से पूर्व कई विवादास्पद बयान आ चुके हैं :–

बिहार के पुलिस महानिदेशक के० एस० द्विवेदी का कहना है– ४४ लड़कियों में से २९ लड़कियों के साथ बलात्कार हुआ है; सी०बी०आइ० की जाँच ज़रूरी नहीं। बिहार-पुलिस की जाँच से हम संतुष्ट हैं।

वरिष्ठ पुलिस-अधीक्षक हरप्रीत कौर ने बताया– ४२ लड़कियों में से ३४ बच्चियों के साथ बलात्कार हुआ है।
सी० बी० आइ का कहना है– ४२ में से ३४ बालिकाओं का यौन-शोषण किया गया है।

मानवीय संवेदना को आन्दोलित कर देनेवाली इस घटना में सर्वाधिक भूमिका बालिका-गृह की महिला कर्मचारियों-अधिकारियों की रही है। वे सभी मुजफ़्फ़रपुर के इलाक़ों में रहती हैं। उन्हें अब कारागार में डाल दिया गया है। वे हैं :– किरण कुमारी (चकना सरैया), मंजु देवी (रामबाग़), इन्दु कुमारी (संजय सिनेमा रोड,ब्रह्मपुरा), चन्दा कुमारी (छोटी कल्याणी), नेहा कुमारी (मालीघाट, मिठनपुरा), हेमा मसीह (पुरानी गुदरीनगर) तथा मीनू देवी (रामपुर एकमा)। इनके अतिरिक्त बालसंरक्षण पदाधिकारी रवि रौशन, विकास कुमार तथा दिलीप कुमार वर्मा की बीभत्स संलिप्तता सामने आ चुकी है।

मुजफ़्फ़रपुर के निलम्बित वरिष्ठ पुलिस-अधीक्षक विवेक कुमार की भूमिका सन्दिग्ध दिख रही है। उसके घर, ससुराल तथा अन्य सम्बन्धियों के यहाँ एक साथ छापा मारा गया है। उसके ससुराल के चार लॉकरों से १ करोड़ ४२ लाख रुपये (दो हज़ार के नोट के रूप में) बरामद किये गये हैं। उस पुलिस-अधिकारी की आय से लगभग ४ करोड़ से अधिक चल-अचल सम्पत्ति की जानकारी हुई है। बता दें– भ्रष्ट, बेईमान, चोर वरिष्ठ पुलिस-अधिकारी विवेक कुमार एक केन्द्रीय राज्यमन्त्री के केन्द्रीय प्रतिनियुक्ति के आधार पर निजी सचिव बननेवाला था।

उल्लेखनीय है कि इस दरिन्देपन की जानकारी तथाकथित सुशासन बाबू नीतीश कुमार को वर्ष २०१३ में ही हो गयी थी; मार्च, २०१८ ईसवी में भी यौन-शोषण की घटना से वे अवगत थे; बदनाम बालिकागृह को टेण्डर मिलता रहा; परन्तु नीतीश ‘मौनी बाबा’ बने रहे।

ब्रजेश ठाकुर के साथ मुजफ़्फ़रपुर के बालसंरक्षण पदाधिकारी रवि रौशन की घृणित भूमिका थी।
कहने के लिए और देखने में वह बालिका-गृह निराश्रित बालिकाओं का संरक्षणगृह था; परन्तु सचाई उससे कोसों दूर थी; वास्तव में, वह एक ‘अय्याश महल’ था। उसमें एक ‘मिनी थिएटर’ था, जिनमें ‘बार बालाओं’ की तरह से उन लड़कियों को तथाकथित सफ़ेदपोश और रसूख़दार लोग के बीच नचवाया जाता था। उसके लिए उन लड़कियों के वस्त्र अत्यन्त सूक्ष्म होते थे और उनके नाचते समय शराब के पीने-पिलाने का दौर चलता था। लड़कियों को भी ज़बरदस्ती शराब पिलायी जाती थी। जो आनाकानी करती थीं, उन्हें ‘हण्टरवाला अंकल’ (ब्रजेश ठाकुर) मारता था। इसके साथ ही बालसंरक्षण पदाधिकारी के रूप में दरिन्दा रवि रौशन लड़कियों के नाचते समय उनके साथ घोर आपत्तिजनक व्यवहार करता था। लड़कियों ने उस पर एक लड़की की हत्या कर, बालिका-गृह में ही दफ़्न कराने का आरोप लगाया गया है। रवि रौशन नामक बलात्कारी और हत्यारे ने एक लड़की के साथ रसोईघर में बलात्कार करने के बाद चाक़ू से उसके हाथ ज़ख़्मी कर दिये थे। उन लड़कियों को रात में ‘बालिका-गृह’ से बाहर ‘जिस्मफ़रोशी’ के लिए ले जाया जाता था। उन्हें कहाँ ले जाया जा रहा है, यह नहीं बताया जाता था। दूसरे दिन वे लौटती थीं। १० वर्ष की एक मूक लड़की ने चित्र को पहचानकर अपने शोषण और किये गये पशुवत आचरण को संकेतों में बताया है। उक्त सभी व्यभिचारिणी ने उन बालिकाओं को देह-व्यापार कराने, सामूहिक यौन-शोषण करने के लिए धमकाती थीं और उन्हें अपने साथ निर्धारित स्थानों पर ले जाया करती थीं। जो लड़कियाँ विरोध करती थीं, उन्हें तीन दिनों तक भूखा रखा जाता था और निर्वस्त्र कर ‘हण्टर’ से ब्रजेश ठाकुर मारता था; अन्तत:, लड़कियाँ ‘आत्मसमर्पण’ करने के लिए विवश हो जाती थीं।

एक अन्य लड़की ने बताया– मेरे साथ कौन रेप करता था, नहीं मालूम। रोज़ रात को खाने के बाद चन्दा आण्टी मुझे कीड़े मारने की दवा कहकर ‘टेबलेट’ देती थीं, जिसे खाने के बाद बेहोशी छा जाती थी। जब मैं सुबह जागती थी तब शरीर के अन्दरूनी हिस्सों में बहुत दर्द होता था।

समय की मारी उन बालिकाओं की आह ऐसी लगी कि दरिन्दों के प्रति नीतीश कुमार की अन्ध भक्ति उनके आचरण को भी कलंकित कर दिया है। ऐसा कहना अनुचित न होगा कि बिहार-शासन-प्रशासन की शह पर वर्षों से ब्रजेश ठाकुर और रवि रौशन की जोड़ी ७ वर्ष से लेकर १५ वर्ष की अवस्थावाली अशक्त-निशक्त बालिकाओं तथा वहाँ की महिला कर्मचारियों-अधिकारियों के साथ कई वर्षों से कुकर्म करती-कराती आ रही थी और जिस्मफ़रोशी कराकर अपना क़द बड़ा करके देखती थी; साथ ही धन अर्जित करते थे।

सी०बी०आइ० अधिकारियों ने अपना कार्य शुरू कर दिया है। प्रारम्भिक जाँच में गर्भनिरोधक दवाएँ, बेहोशी के टेबलेट तथा अन्य आपत्तिजनक पदार्थ बरामद किये गये हैं। सी०बी०आइ०-अधिकारियों पर यदि किसी प्रकार का राजनीतिक दबाव नहीं डाला गया तो निस्सन्देह, बिहार के मन्त्री, पुलिस और ज़िला-प्रशासन, कुछ समाचारपत्र के सम्पादक और संवाददाता, समाज-कल्याण विभाग, बालसंरक्षण विभाग आदिक के अधिकारी सीधे फँसते नज़र आ रहे हैं।

इतना सब होने के बाद भी देश के सत्ता-ठीकेदार और विपक्षी दल के नेतागण मन्त्रमुग्ध हैं।

कलंकित ब्रजेश ठाकुर के एन०जी०ओ० काली सूची में डाल दिया गया है और बालिका-गृह की लड़कियों को पटना और मोकामा के ‘शेल्टर होम’ में रखा गया है। ऐसे गम्भीर विषय पर उन लड़कियों को बिहार से बाहर रखने की व्यवस्था करनी चाहिए; क्योंकि ऐसी स्थिति में उन लड़कियों पर दबाव डलवाकर प्रकरण को प्रभावित किया जा सकता है।

(सर्वाधिकार सुरक्षित : डॉ० पृथ्वीनाथ पाण्डेय, इलाहाबाद; ४ अगस्त, २०१८ ईसवी)