● शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों की बदरंग तस्वीर को बदलने में निभाई अहम भूमिका
कछौना(हरदोई): यदि व्यक्ति के मन में कुछ बेहतर करने की तमन्ना हो और वह उसके लिए सदैव प्रयत्नशील हो, तो शिक्षा व्यवस्था की बदरंग तस्वीर को रंगीन होने में देर नहीं लगती।
खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस के अथक प्रयास से कछौना की बदरंग तस्वीर भी बदलने में देर नहीं लगी। खण्ड शिक्षा अधिकारी के “पढ़ेगा कछौना-बढ़ेगा कछौना” के मूल मंत्र का पालन करते हुए विद्यालय की शिक्षण व्यवस्था, विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं, कायाकल्प के माध्यम से स्कूलों की बदरंग तस्वीर को बदल दिया।
विकास खण्ड की खेल-प्रतिभाओं ने जिले व प्रदेश स्तर पर प्रतिभाग कर ब्लॉक कछौना का गौरव बढ़ाया। उन्हीं के प्रयास से राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित परीक्षा में सैकड़ों छात्रों ने सफलता प्राप्त की। एचसीएल फाउंडेशन के सहयोग से प्राथमिक स्तर के सभी विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाएं संचालित हैं। वह शिक्षकों के साथ बेहतर टीम भावना के साथ कार्य करते हैं, जिससे विकास खण्ड के शिक्षकों को भी उनसे हमेशा कुछ न कुछ सीखने को मिलता रहता है। जिसके फलस्वरूप विकास खण्ड कछौना की सूरत और सीरत बदल गई है। यह विद्यालय अब सुविधा संपन्न निजी विद्यालयों को मात दे रहे हैं। जिसके फलस्वरूप शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार के कारण खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस को दोबारा शासन द्वारा नेशनल अवार्ड से सम्मानित किया गया है। नेशनल अवार्ड के लिए नामित होने के बाद ऑनलाइन प्रेजेंटेशन दी जाती है और इस प्रस्तुतीकरण के बाद संस्थान द्वारा जिले के तीन अधिकारियों पूर्व बेसिक शिक्षा अधिकारी हेमंत कुमार, खण्ड शिक्षा अधिकारी मनोज कुमार बोस, खण्ड शिक्षा अधिकारी डॉ० सत्य प्रकाश को अवार्ड देने की घोषणा की गयी है। इस उपलब्धि से शिक्षक समाज गौरवान्वित है। एक दूसरे को बधाई देने का सिलसिला जारी है।
रिपोर्ट- पी०डी० गुप्ता