९ मई २०२३ के मुख्य समाचार

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज शाम राष्ट्रपति भवन में रक्षा अलंकरण समारोह में सशस्त्र बलों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और राज्य तथा केंद्रशासित प्रदेश के पुलिसकर्मियों को आठ कीर्ति चक्र और 29 शौर्य चक्र प्रदान किए। 
  • इनमें से पांच कीर्ति चक्र और पांच शौर्य चक्र मरणोपरांत प्रदान किए। कर्मियों को शौर्य, अदम्य साहस और कर्तव्य-परायणता के प्रति विशिष्ट समर्पण के लिए वीरता पुरस्कार प्रदान किए गए।
  • कर्नाटक में कल विधानसभा चुनाव के मतदान की सभी तैयारियां पूरी। 224 सीटों के लिए दो हजार 615 उम्‍मीदवार चुनाव मैदान में।
  • केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने म्यांमा में सितवे बंदरगाह का उद्घाटन किया। कोलकाता से भेजे गये पहले भारतीय मालवाहक पोत की अगवानी की।
  • भारत ने श्रीलंका को आवश्यक वस्‍तुओं के आयात के लिए एक अरब डॉलर की ऋण सुविधा एक वर्ष के लिए बढ़ायी।
  • मौसम विज्ञान विभाग-आईएमडी ने कहा है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और आसपास के दक्षिण अंडमान सागर पर कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसके गहराने के आसार हैं।
  • पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अल-कादिर ट्रस्ट मामले में इस्लामाबाद हाई कोर्ट परिसर से गिरफ्तार किया गया।
  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण-एन.आई.ए ने प्रतिबंधित जमात-ए-इस्‍लामी की आतंकी और अलगाववादी गतिविधियों से जुडे मामले में विभिन्‍न स्‍थानों पर छापे मारे हैं।
  • एन.आई.ए ने एक बयान में कहा है कि जमात-ए-इस्‍लामी के जम्‍मू-कश्‍मीर सदस्‍यों और समर्थकों के 16 स्‍थानों पर छापेमारी की गई है। इनमें कश्‍मीर घाटी के बारामुला जिले में 11 और जम्‍मू क्षेत्र के किश्‍तवाड जिले में पांच स्‍थान शामिल हैं।
  • ताशकंद विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में भारतीय मुक्केबाज दीपक भोरिया और निशांत देव क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।