हरदोई। शहर की सरकुलर रोड पर कन्हईपुरवा के पास तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने पीछे से बाइक सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे मे बाइक सवार महिला की मौत हो गई, जबकि छोटी पोती व पुत्र घायल हो गये। बेटे को हल्की चोटें आईं हैं।
सोमवार को कोतवाली शहर के भदैचा गांव निवासी राजीव तिवारी की पत्नी मंजू तिवारी (50) अपनी सात वर्षीय पौत्री श्रेया तिवारी और पुत्र अंकित के साथ अस्पताल दवा लेने गयीं थीं। साथ मे छोटा बेटा अंकुर तिवारी भी था। शहर में बिलग्राम चुंगी से सर्कुलर रोड की ओर कन्हईपुरवा के पास पिकअप ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। मंजू तिवारी, श्रेया तिवारी और अंकुर तीनों घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां मंजू ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। श्रेया की हालत नाजुक बताई गई है।
अतिरिक्त कोतवाल रामकेवल तिवारी ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है। परिजनों ने तहरीर दे दी है। रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।