हरदोई – शनिवार को टडियावां थाना क्षेत्र के भड़ायल गांव के समीप हुई ट्रक व पिकप की आमने-सामने भिड़ंत में पिकप सवार तीन लोगों में से एक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव निवासी कमलेश (40) पुत्र मंगा जानकारी के अनुसार शहर में प्रतिदिन सुबह आकर राजमिस्त्री का काम करता था। इसी के चलते शनिवार की सुबह वह घर से शहर में मजदूरी करने निकला था। बताया गया कि वह सरदापुर मोड़ से उसी गांव के युवक के पिकप पर सवार हुआ। इसके अलावा पिकप पर कई अन्य लोग भी सवार थे। जैसे ही पिकप सीतापुर मार्ग पर भड़ायल गांव में विधायक के मछली पालन तालाब के समीप पहुंचा तो सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमे टक्कर मार दी। जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए व पिकप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आनन-फानन घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। जहां से कमलेश की हालत गंभीर देखकर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। रविवार को परिजनों से वहां के चिकित्सकों ने वापस जिला अस्पताल जाने की बात कही। इसपर उसे जिला अस्पताल लाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शव को शवगृह में रखवाया गया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनो के सुपुर्द कर दिया गया है। मृतक के परिवार में पुत्र मनीष, अजय व पुत्रियां निशा बताई गई हैं।