जब दूर बैठा कवि कोई, सर्जन के बीज बोता है,
भाव में खुद को पा कर, मन में हर्ष का तीज़ होता है।
जब दूर……………………… ………………………… .
उठी जैसे लहर कोई, नया अनुबन्ध करने को,
अमित रस से अभिसिंचित, नया सम्बन्ध गढ़ने को।
मन में बैठा सजग प्रहरी, ऋचाओं से अघाता न,
वही प्रतिपल है उत्साहित, बढ़े प्रतिबन्ध हरने को।
नतमस्तक असंख्य तलवारें ,जिसकी क़लम के सम्मुख,
मद – पोषित सभाओं में , वही नाचीज़ होता है।।
जब दूर……………………… ………………………।। १।।
नयनों में आये ,व्यथित आँसू ,विरह से सूख जाते हैं,
तभी उद्धव गोपियों के दृगों में प्रेम की भूख पाते हैं।
कोई राधा, कोई मीरा, यूँ ही नहीं थी प्रेम में पागल,
भुवनमोहन कन्हैया भी बैकुण्ठ को भूल जाते थे।
वो चाहे प्रेम को भर दे, वो चाहे ओज को भर दे,
वही कवि है प्रताड़ित भी, जो ख़ुदाई ताबीज़ होता है।।
जब दूर……………………… ……………………..।।२। ।
जो कल्पना की उड़ाने भर,साकार करना सिखाता है,
जो खुद को डुबोकर के, जग को तैरना सिखाता है।
जो सहता हर थपेड़े को, फिर भी विचलित नहीं होता,
वो कर के गीत की रचना, हमें बचना सिखाता है।
करे नित राष्ट्र का वन्दन, लगाता माथ रज़-चन्दन,
जिये जो नित फ़क़ीरी में, वतन का हफ़ीज़ होता है।।
जब दूर……………………… …………………….।।३।।
जगन्नाथ शुक्ल…✍