प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज से नेपाल की दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। इस यात्रा की पूर्वसंध्या पर श्री मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में नेपाल का यह उनका तीसरा दौरा है और इससे यह बात जाहिर हो जाती है कि भारत, नेपाल के साथ सदियों पुराने, घनिष्ठ और मित्रतापूर्ण संबंधों को कितनी प्राथमिकता देता है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन उच्चस्तरीय वार्ताओं और लगातार विचार-विमर्श से पड़ोसी देशों को प्राथमिकता देने की उनकी सरकार की वचनबद्धता झलकती है, जो सबका साथ सबका विकास के आदर्श वाक्य के अनुरूप है। श्री मोदी ने कहा कि भारत, समृद्ध नेपाल सुखी नेपाली की अपनी अवधारणा पर कायम रहते हुए नेपाल का घनिष्ठ सहयोगी बना रहेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया है कि उनकी इस यात्रा से दोनों पडोसी देशों के लोगों के बीच संबंध और सुदृढ़ होंगे।
श्री मोदी ने कहा है कि अपनी इस यात्रा के दौरान उन्हें नेपाल के राजनेताओं और मित्रों से मुलाकात की प्रतीक्षा है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि प्रधानमंत्री अपनी नेपाल यात्रा के दौरान पहले जनकपुर का दौरा करेंगे, जहां उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। वे प्रसिद्ध जानकी मंदिर जाएंगे और विशेष पूजार्चना करेंगे। बाद में जनकपुर उप महानगर पालिका द्वारा उनका नागरिक सम्मान किया जाएगा। दोपहर में प्रधानमंत्री मोदी काठमांडू पहुंचेंगे, जहां वे राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी और उपराष्ट्रपति नंद बहादुर पुन से शिष्टाचार मुलाकात करेंगे। शाम को उनकी नेपाल के प्रधानमंत्री के.पी.शर्मा ओली के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत होगी। बाद में दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त रूप से अरूण-तीन जल विद्युत परियोजना की रिमोट के जरिये आधारशिला रखेंगे और प्रेस वक्तव्य देंगे। श्री मोदी नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्रियों के साथ मुलाकात भी करेंगे।