प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य लाभ पहुंचाना प्राथमिकता : पुलकित खरे 

              स्वास्थ्य विभाग के कार्यो की समीक्षा बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी पुलकित खरे की अध्यक्षता में किया गया । बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद के प्रत्येक व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है, इसलिए सभी एमओआईसी अपने सीएचसी/पीएचसी पर पूरे समय उपस्थित रहकर आने वाले मरीजों का उपचार करें ।
              जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी पी0एन0चर्तुवेदी को निर्देश दिये कि सभी सीएचसी/पीएचसी पर 15 दिन में बायोमैट्रिक मशीन लगवायी जाये और प्रत्येक माह में बायोमैट्रिक मशीन द्वारा दर्शाई गयी उपस्थित के अनुसार ही अधिकारियों/कर्मचारियों का वेतन आहरित किया जाये । जिलाधिकारी ने कहा कि सभी चिकित्साधिकारी अपनी स्वास्थ्य योजनाओं को सूचीबद्ध कर ले ताकि तीन दिन बाद होने वाली समीक्षा में वह अपनी प्रगति बता सकें ।
             बैठक में जिलाधिकारी ने 102 व 108 एम्बुलेंस, टीकाकरण, कुपोषित/अति कुपोषित बच्चों की जानकारी ली तथा निर्देश दिये कि एमओआईसी इन योजनाओं पर ध्यान दें और कुपोषित /अति कुपोषित बच्चों का निर्धारित समय पर भर्ती कराये ताकि उन्हें समय पर स्वास्थ्य लाभ मिल सके और वह कुपोषण मुक्त हो सके । बैठक में जिलाधिकारी ने ब्लाक कछौना/बेंहदर में एचसीएचल फाउंडेशन द्वारा किये जा रहे कार्यो की भी समीक्षा की । इस अवसर डिप्टी सीएमओ डा0विजय सिंह, डा0 विजय कुमार, डा0 अम्भुज, सीएमएस महिला/पुरूष कोषाधिकारी कंचन भारती सहित अन्य चिकित्सक आदि मौजूद रहे ।