संगम स्नान के साथ प्रियंका गांधी ने लिया शंकराचार्य स्वरूपानंद सरस्वती का आशीर्वाद

शाश्वत तिवारी :

लखनऊ : कांग्रेस महासचिव एवं प्रभारी उ०प्र० प्रियंका गांधी मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर प्रयागराज पहुंचीं। प्रयागराज हवाईअड्डे से श्रीमती गांधी सीधे आनन्द भवन पहुंची। जहां से उनका व उनके परिवार का बचपन से जुड़ाव रहा है। उन्होने आनन्द भवन पहुंचकर उस स्थान पर जहां पूर्व प्रधानमंत्री पं० जवाहर लाल नेहरू की अस्थि कलश विसर्जन के पूर्व रखी गयी थीं, उस स्थान पर पहुंचकर पं० नेहरू को याद किया और पुष्पांजलि अर्पित की।

इसके उपरान्त कांग्रेस महासचिव- प्रभारी उ०प्र० प्रियंका गांधी संगम के घाट पर पहुंचीं। उन्होने नौका विहार करते हुए संगम तट का भ्रमण किया और तमाम श्रद्धालुओं से मुलाकात की और उन्होंने मौनी अमावस्या के पावन पर्व पर संगम में डुबकी लगाकर स्नान किया और भगवान सूर्य की पूजा की। इस मौके पर श्रीमती गांधी मौनी अमावस्या पर्व पर स्नान से निवृत्त होकर जगतगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानन्द सरस्वती जी महाराज का दर्शन कर उनका आशीर्वाद लिया ।