मिशन प्रेरणा के तहत नगवा, कोथावाँ में आयोजित हुआ कार्यक्रम

आदित्य त्रिपाठी (मानद प्रबन्ध निदेशक आईवी24/स्वतन्त्र पत्रकार/सहा०अ० प्रा०वि० प्रतापपुर, कोथावाँ)

कोथावाँ विकास खण्ड के परिषदीय संविलयन विद्यालय नगवा में ब्लॉक स्तरीय ग्राम प्रधान, सचिव एवं प्रबंध समिति अध्यक्ष की उन्मुखीकरण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य नयी शिक्षा नीति का अनुपालन और वर्तमान परिदृश्य में शैक्षिक माहौल को बेहतर बनाने व मिशन प्रेरणा मिशन को सफल कैसे बनाया जाए पर चर्चा-परिचर्चा का था। कार्यक्रम का आयोजन खण्ड शिक्षा अधिकारी विनय मिश्र के निर्देशन में हुआ और मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक रामपाल वर्मा रहे।

माँ सरस्वती की तस्वीर पर पुष्पाञ्जलि और दीप प्रज्वलन के साथ ही माँ वागेश्वरी की वन्दना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। तत्पश्चात मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। नयी शिक्षा नीति 2020 के अनुसार निर्धारित शैक्षिक लक्ष्यों को लेकर गहन विचार-विनिमय हुआ। प्रेरणा लक्ष्य हासिल करने के लिए “क्या उपाय किये जा रहे हैं और क्या किये जा सकते हैं” पर विशेष ध्यान दिया गया। भारत सरकार को महत्त्वाकांक्षी परियोजना “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” को लेकर कस्तूरबा विद्यालय की बेटियों ने प्रेरक नाट्य का मञ्चन किया। विधायक महोदय द्वारा बेटियों की मुक्तकण्ठ से सराहना की गयी। इस अवसर पर जनपद स्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के स्वर्ण-पदकधारी प्रतियोगी कंचन व अतुल, रजतपदकधारी अभिषेक और कान्स्यपदकधारी सपना का श्री वर्मा द्वारा सम्मान किया गया। इस अवसर पर विधायक रामपाल वर्मा ने कहा बच्चे देश का भविष्य हैं और उचित मार्गदर्शन इन्हें सर्वोत्कृष्ट बना सकता है। ये देश के विकास को उच्चस्तर पर ले जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री महोदय की प्रेरणा से बच्चों को खेल के प्रति प्रेरित करने के लिये खेलो इण्डिया कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिसके सकारात्मक परिणाम भी आ रहे हैं। इसी तरह नयी शिक्षा नीति के जरिए देश को पुनः ज्ञान के क्षेत्र में अग्रणी बनाना सरकार के लक्ष्य है। नयी शिक्षा नीति, एक ओर रोज़गारपरक शिक्षा की वकालत करती है वहीं दूसरी ओर शोध, विज्ञान व नैतिकता के मूल्यों को कई स्तर ऊपर ले जाती है।

कार्यक्रम में ए०आर०पी० महेन्द्र कुमार ने मिशन प्रेरणा, कुलदीप मिश्र ने एस०एम०सी० के गठन एवम् कार्य दायित्व के बारे विस्तार से बताया। खण्ड शिक्षाधिकारी विनय कुमार मिश्र ने डीबीटी योजना के बारे में बताते हुए कहा कि इस योजना के अन्तर्गत अभिभावकों के खाते में सीधे 1100 ₹ भेजे जाएंगे जिससे कि बच्चे ड्रेस, जूता-मोजा, स्वेटर, स्कूल बैग खरीद सकेंगे। कार्यक्रम का सञ्चालन वरिष्ठ शिक्षक अन्तर्यामी बाजपेई ने किया। इस अवसर पर बीआरसी से सम्बद्ध ए०आर०पी० सत्येंद्र तिवारी, महेन्द्र सिंह, पंकज रस्तोगी और रजनीश देओल तथा शिक्षक कृष्णमुरारी शुक्ल, शिवमूर्ति त्रिपाठी, प्रभाशंकर, महेन्द्र पाल सिंह, अरुणेंद्र सिंह, विनोद कुमार सिंह, अरविन्द प्रताप सिंह उपस्थित रहे। अन्त में मुख्य अतिथि विधायक व विशिष्ट अतिथि राकेश वैश्य को खण्ड शिक्षाधिकारी द्वारा अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वर्तमान प्रधान संघ अध्यक्ष के० पी० सिंह को ए०आर०पी० सत्येंद्र तिवारी व रजनीश देवल ने अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों की संख्या में अध्यापक, ग्राम-प्रधान, पंचायत सचिव, अभिभावक व अन्य गण्यमान्य मौजूद रहे।