कौशाम्बी के कड़ा ब्लॉक अन्तर्गत ग्राम सभा लोहदा में बने क्वारंटीन केन्द्र में अनियमितताओं का अम्बार

मसुरिया दीन मौर्य :

विद्यालय के शौचालय को बन्द करके रखा गया है जिससे शौच के लिए मजबूरी में खुले में जाना पडता है ।

अजुहा, कौशाम्बी : कडा ब्लॉक अन्तर्गत ग्राम सभा लोहदा के प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में कोरोना आपदा से एहतियात के तौर पर बाहर से आने वाले प्रवासी श्रमिकों को क्वारंटीन में रखने हेतु प्रशासन तथा ग्राम प्रधान बलवन्त निर्मल के द्वारा ठहराया गया है । जहाँ लोहदा सहित आसपास के गाँवों चकिया, रामपुर, धमावा आदि क्षेत्र के लोग बाहर के शहरों से आने वाले लगभग 75 स्थाई प्रवासी श्रमिकों को क्वारंटीन में रखा गया है । वहां पर सभी प्रवासी एक सप्ताह से रह रहे हैं । लेकिन प्रशासन की ओर से इनके लिए बुनियादी जरूरतों की कोई व्यवस्था नहीं की गई है ।

बाहर से आकर क्वारंटीन में ठहराये गये लोगों का कहना है कि पाँच दिन से वहाँ साफ-सफाई तक नहीं हुई है । पहले दिन सफाई करने के लिए सफाईकर्मी आया था और इसके बाद सफाई का काम बन्द । स्वास्थ्य टीम का यहाँ पहुँचकर प्राथमिक परीक्षण करने की बात सोचना ही बेकार है । इतना ही नहीं विद्यालय का गेट टूटा हुआ है, जिससे सुअर और कुत्ते अन्दर घुस जाते हैं । विद्यालय के शौचालय को बन्द करके रखा गया है जिससे शौच के लिए मजबूरी में खुले में जाना पडता है । जिस पर गाँव के लोग मारते पीटते और विरोध करते हैं । खानपान की कोई व्यवस्था नहीं की गई जिससे क्वारंटाइन लोग के घर वाले खाना पहुंचाते हैं । पानी पीने के लिए बोरवेल तो है लेकिन पानी में बालू आता है । इसके अलावा विद्यालय के अन्दर तालाब भी है, जिसमें गन्दगी भरी हुई है और गाँव का पानी भी आता है ।

इन सारी अव्यवस्थाओं के बारे में गाँव के प्रधान सहित उच्चाधिकारियों को भी फोन करके कंई बार अवगत कराया गया लेकिन इनकी सुनने वाला कोई नहीं है । ऐसे में उन्होंने जिलाधिकारी महोदय का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराते हुए अव्यवस्था को सुधारने की मांग है । यदि ऐसे ही विद्यालय में गन्दगी फैली रही तो लोग किसी गम्भीर बीमारी की चपेट में आ सकते हैं ।