एसडीएम व सीओ सिराथू के नेतृत्व में अवैध शराब कारोबारियों के घरों में हुई छापेमारी

यूपी के जनपद कौशांबी के पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन में अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध छापेमारी अभियान सीओ रामवीर सिंह व एसडीएम प्रखर उत्तम के नेतृत्व में नगर पंचायत अजुहा में चलाया गया। इस दौरान भारी मात्रा में लहन को नष्ट किया गया।

आपको बताते चलें कि सैनी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत अजुहा वार्ड नंबर 3 शांति नगर में दो घरों से 40 लीटर देसी शराब बरामद कर लिया गया। भारी मात्रा में 7 कुंटल महुआ (लहन) शराब बनाने के उपकरण को भी नष्ट किया गया। छापेमारी की भनक लगते ही अवैध शराब कारोबारी अपना घर छोड़कर फरार हो गए थे।

सिराथू एसडीएम प्रखर उत्तम का कहना है कि सिराथू सर्किल में शराब कारोबारियों के विरुद्ध ऐसा ही सघन अभियान चलाया जाएगा। कुटीर उद्योग का रूप लिए शराब कारोबार में अंकुश लगेगा। शराब कारोबारियों के घरों में छापेमारी के दौरान सैनी थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह, पुलिस चौकी अजुहा उप निरीक्षक मनोज कुमार राय सहित दर्जनों हमराहियों ने जमीन के नीचे गड़े लहन को निकालकर नष्ट किया। ताबड़तोड़ छापेमारी होने से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

कौशांबी से ब्यूरो रिपोर्ट