श्रद्धालुओं के लिये परिक्रमा सुगम बनाने के लिए सभी मार्गो को 10 दिन में ठीक करायें : जिलाधिकारी

नैमिषारण्य से प्रारम्भ होकर जनपद हरदोई के कई गाँवों से होकर जाने वाली पवित्र परिक्रमा यात्रा के मार्ग का निरीक्षण किया गया। ब्लाक कोथावां के हर्रैया पुल से 21 फरवरी को जनपद की सीमा में प्रवेश करने वाली 84 कोसी परिक्रमा के मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए बनाये गये रैन बसेरों में विद्युत, पेयजल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं का जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने आज पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी तथा संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ सघन निरीक्षण किया।

मार्गो के संबंध में जिलाधिकारी ने पीडब्लूडी तथा जिला पंचायत के अधिकारियों को निर्देश दिये कि श्रद्धालुओं की परिक्रमा सुगम बनाने के लिए सभी परिक्रमा मार्गों को 10 दिन में प्रत्येक दशा में ठीक करायें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी हर्रैया, नगवा कोथावाँ, गिरधरपुर उमरारी तथा साखिन रमुआपुर स्थित रैन बसेरों के निरीक्षण में अधिशासी अधिकारी विद्युत को निर्देश दिये कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी रैन बसेरों व मार्गों में लाइट की समुचित व्यवस्था कराने के साथ सप्लाई जाने की दशा में जनरेटर की व्यवस्था भी करायें। उन्होने अधिशासी अभियंता जल निगम को निर्देश दिये के रैन बसेरों एवं मार्गो में पड़ने वाले सभी हैण्डपम्प तत्काल ठीक करायें ताकि श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल मिल सके।

जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी निर्देश दिये कि परिक्रमा मार्ग के सभी रैन बसेरों एवं पड़ाव वाले स्थानों पर चिकित्सा शिविर लगवायें और चिकित्सकों की नियुक्ति करते हुए पर्याप्त दवाओं व एम्बुलेंस की व्यवस्था करायें। उन्होने संबंधित खण्ड विकास अधिकारियों को निर्देश दिये कि परिक्रमा पड़ाव वाले स्थानों पर खोया-पाया एवं कर्मचारियों आदि के ठहरने के लिए शिविर लगवायें तथा रैन बसेरों के शीशे टूट उन्हें बदलवायें और श्रद्धालुओं के स्नान आदि की व्यवस्था परिक्रमा से पहले कराना सुनिश्चित करायें और सभी पड़ाव वाले स्थानों पर व्यापक स्तर पर सफाई करायें। 

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने दी जाये और सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करायें। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिये कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी रैन बसेरों एवं पड़ाव वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती करायें। निरीक्षण के समय उपजिलाधिकारी सदर स्वाती शुक्ला, उपजिलाधिकारी सण्डीला देवेन्द्र पाल सिंह, जिला विकास अधिकारी अजय प्रताप सिंह, अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी, विद्युत, जल निगम, शारदा नहर, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित अन्य जिलास्तरीय अधिकारी तथा खण्ड विकास अधिकारी आदि उपस्थित रहे।